अंबेडकरनगर के मालीपुर क्षेत्र में दहशत, घंटों की मशक्कत के बाद सपेरे ने पकड़ा विशाल कोबरा, जंगल में छोड़ा सुरक्षित
अम्बेडकरनगर: मालीपुर थाना क्षेत्र के आजनपारा गांव में शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक मिट्टी के घर से एक-दो नहीं बल्कि 25 कोबरा के बच्चे निकल आए। देखते ही देखते पूरे गांव में खबर आग की तरह फैल गई और मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। सबसे हैरान करने वाली बात तब हुई, जब सांप के बच्चों के बीच एक विशाल कोबरा (नागराज) भी दिखाई दिया और दीवार की दरार में जा छिपा।
जानकारी के अनुसार आजनपारा गांव निवासी दिनेश विश्वकर्मा के बच्चों ने घर के अंदर कई छोटे-छोटे कोबरा सांपों को रेंगते देखा। बच्चों के शोर मचाने पर परिजन मौके पर पहुंचे। जब आसपास का कूड़ा-करकट हटाया गया तो वहां सांप के बच्चों के साथ एक बड़ा कोबरा भी दिखाई दिया, जिससे पूरे परिवार में दहशत फैल गई।
ग्रामीणों ने तत्काल जगतुपुर गांव के सपेरे राजित राम कनौजिया को बुलाया। उन्होंने घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद एक-एक कर 25 कोबरा के बच्चों को सुरक्षित पकड़कर डिब्बे में बंद किया। इसके बाद खपरैल मकान का हिस्सा हटाकर बिल में छिपे विशाल कोबरा (नागराज) को भी बाहर निकाला और सुरक्षित पकड़ लिया।
सपेरे ने सभी सांपों को किसी प्रकार की क्षति पहुंचाए बिना नजदीकी जंगल में छोड़ दिया। इस दौरान अधिवक्ता नागेन्द्र यादव, राम आसरे यादव, रमापति विश्वकर्मा समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर मौजूद रहे और राहत कार्य में सहयोग किया।
एक साथ इतने अधिक कोबरा सांपों के निकलने की घटना से पूरे इलाके में दिनभर दहशत और चर्चा का माहौल बना रहा। ग्रामीणों ने लोगों से ऐसे मामलों में घबराने के बजाय सतर्क रहने और विशेषज्ञों की मदद लेने की अपील की।




