अम्बेडकरनगर: उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री रह चुके और समाजवादी राजनीति के कद्दावर चेहरे रहे टाण्डा के पूर्व विधायक गोपीनाथ वर्मा का पार्थिव शरीर पूरे राजकीय सम्मान के साथ पंचतत्व में विलीन हो गया। अंतिम संस्कार में हजारों की भीड़ उमड़ी रही। जनपद के विभिन्न दलों के वरिष्ठ पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और पुलिस प्रशासन के अधिकारियों ने गार्ड ऑफ ऑनर देकर नम आंखों से अंतिम विदाई दी।
समाजवादी आंदोलन के शुरुआती दौर से जुड़े रहे गोपीनाथ वर्मा को राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे में लपेटकर सलामी दी गई। गार्ड ऑफ ऑनर के दौरान वातावरण गमगीन हो उठा और “गोपीनाथ वर्मा अमर रहें” के नारों से पूरा क्षेत्र गूंजता रहा।
अंतिम विदाई में लाल जी वर्मा, श्रावस्ती के सांसद राम शिरोमणि वर्मा, अकबरपुर विधायक पूर्व मंत्री रामअचल राजभर, टाण्डा विधायक राम मूर्ति वर्मा, जलालपुर के पूर्व विधायक सुभाष रॉय, भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष व टाण्डा विधानसभा प्रत्याशी रहे कपिल देव वर्मा, टाण्डा ब्लॉक प्रमुख सुरजीत वर्मा, अकबरपुर ब्लॉक प्रमुख आनंद कुमार वर्मा, सपा जिलाध्यक्ष जंग बहादुर यादव, पूर्व एमएलसी हीरालाल यादव व अजय कुमार वर्मा समेत अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। इस खबर की वीडियो फेसबुक पर देखने के लिए 💐 इसे टच करें
नेताओं ने उन्हें जनसेवा, सादगी और संगठन के प्रति समर्पण का प्रतीक बताते हुए कहा कि टाण्डा की राजनीति में उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। समाजवादी विचारधारा को जमीनी स्तर पर मजबूत करने में उनकी भूमिका अहम मानी जाती रही है। इंस्ट्राग्राम पर वीडियो देखने के लिए इसे टच करें।
अंतिम संस्कार स्थल पर उमड़ी भीड़ इस बात का प्रमाण रही कि वे केवल एक नेता नहीं, बल्कि जन-जन के प्रिय प्रतिनिधि थे। उनके निधन से टाण्डा ही नहीं, पूरे जनपद की राजनीति में एक युग का अंत माना जा रहा है।





