अम्बेडकरनगर (आलम खान, एडिटर सूचना न्यूज़)। हज़रत सैयद सुल्तान शाह मखदूम अशरफ जहाँगीर सिमनानी के छह दिवसीय वार्षिक उर्स में इस बार सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर अभूतपूर्व इंतजाम किए गए हैं। लाखों जायरीन की आमद के बीच जिला प्रशासन, पुलिस, नगर पंचायत, दरगाह इंतजामिया कमेटी और पीरजादगान इंतजामिया कमेटी पूरी तरह अलर्ट मोड में हैं। दरगाह परिसर से लेकर पूरे मेला क्षेत्र तक सुरक्षा, साफ-सफाई और जायरीन की सुविधाओं पर चौबीसों घंटे निगरानी रखी जा रही है।
दरगाह इंतजामिया कमेटी ने सुरक्षा व्यवस्था को आधुनिक तकनीक से जोड़ते हुए 20 सीसीटीवी कैमरों का नेटवर्क स्थापित किया है। मलंग गेट, सलामी गेट, नहर शरीफ घाट, मुख्य आस्ताना के अंदर-बाहर, सहन आस्ताना, जनानी मस्जिद, जिन्नाती मस्जिद, लहद खाना तथा दरगाह की ओर आने वाले प्रमुख मार्गों पर तीसरी आंख लगातार नजर रख रही है। कंट्रोल रूम से हर गतिविधि की लाइव मॉनिटरिंग की जा रही है, ताकि किसी भी स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
जायरीन की सुविधा के लिए दरगाह इंतजामिया कमेटी ने खोया-पाया केंद्र, मेडिकल शिविर, लंगर-ए-आम, शुद्ध पेयजल और साफ-सफाई की विशेष व्यवस्था की है। परिसर की स्वच्छता बनाए रखने के लिए 12 निजी सफाई कर्मियों की तैनाती की गई है, जो लगातार अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
दरगाह इंतजामिया कमेटी के प्रभारी मौलाना सैयद अज़ीज़ अशरफ और संरक्षक सैयद फैज़ान अशरफ चाँद स्वयं व्यवस्थाओं की कमान संभाले हुए हैं। उनके साथ सैयद सेराज मियां, सैयद याहिया अशरफ, सैयद फहद, डॉ. सोहाब, सैयद याहिया किछौछा, अजीम सहित दर्जनों स्वयंसेवक दिन-रात जायरीन की सेवा और व्यवस्था संचालन में जुटे हुए हैं।
वहीं पीरजादगान इंतजामिया कमेटी ने भी कई दर्जन सफाई कर्मियों की तैनाती कर पूरे दरगाह परिसर में स्वच्छता व्यवस्था को और मजबूत बनाया है। कमेटी के सरपरस्त आले मुस्तफा छोटे बाबू और अध्यक्ष बड़े बाबू ने कहा कि देश-विदेश से आने वाले किसी भी जायरीन को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी। यदि किसी श्रद्धालु को कोई समस्या आती है तो उसका समाधान प्राथमिकता के आधार पर तत्काल कराया जाएगा। पीरजादगान इंतजामिया कमेटी के सदस्य सैयद आरिफ अशरफ ने बताया कि 26 एवं 28 मोहर्रम को खानकाह हज़रत असरारुल औलिया में विशेष लंगर-ए-आम का आयोजन होगा, जिसमें बड़ी संख्या में जायरीन शामिल होंगे।
उधर जिला प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क है। जिलाधिकारी ईशा प्रिया और पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह स्वयं उर्स की सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं की लगातार मॉनिटरिंग कर रही हैं। टांडा एसडीएम डॉ. शशि शेखर, तहसील प्रशासन तथा बसखारी थाना प्रभारी भूपेंद्र सिंह भारी पुलिस बल के साथ लगातार दरगाह और मेला क्षेत्र का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं।
नगर पंचायत अशरफपुर किछौछा के अध्यक्ष ओंकार गुप्ता एवं प्रभारी अधिशासी अधिकारी उमेश पासी के नेतृत्व में मेला क्षेत्र में साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय, पार्किंग तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं की व्यापक व्यवस्था की गई है। साथ ही नगर पंचायत द्वारा लगाए गए दर्जनों सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से पूरे मेला क्षेत्र की लगातार निगरानी की जा रही है।
लाखों जायरीन की मौजूदगी के बावजूद जिला प्रशासन, नगर पंचायत, दरगाह इंतजामिया कमेटी और पीरजादगान इंतजामिया कमेटी के बेहतर समन्वय ने उर्स-ए-मखदूम अशरफ को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित आयोजन का उत्कृष्ट उदाहरण बना दिया है।




