अम्बेडकरनगर जनपद क्रिकेट प्रेमियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। जिले के टांडा क्षेत्र में दो अलग-अलग स्थानों पर भव्य क्रिकेट प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है, जिससे पूरे इलाके में खेल उत्साह चरम पर है।
पहला आयोजन D.S.A. क्रिकेट क्लब द्वारा इस्लामाबाद रसूलपुर मुबारकपुर, टांडा में किया जा रहा है। यहां रूल आउट नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट का शुभारंभ 10 जनवरी को शाम 6 बजे से होगा। टूर्नामेंट में सभी मुकाबले रात्रि में खेले जाएंगे। आयोजकों के अनुसार मैच 6-6 ओवर के होंगे, प्रत्येक टीम में 9-9 खिलाड़ी शामिल रहेंगे। सभी मैच मानक क्रिकेट नियमों के अनुसार कराए जाएंगे तथा विजेता टीम को उचित व आकर्षक पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।
दूसरा आयोजन चिन्तौरा चैलेंजर ट्रॉफी सीजन-2 के रूप में हकीम क्लब, चिन्तौरा चौराहा, टांडा में आयोजित किया जा रहा है। इस प्रतियोगिता का उद्घाटन समारोह 11 जनवरी, रविवार को सुबह 11 बजे संपन्न होगा। आयोजन समिति ने खिलाड़ियों के साथ-साथ क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों और खेल प्रेमियों से कार्यक्रम में शामिल होकर आयोजन की शोभा बढ़ाने की अपील की है।
आयोजकों का कहना है कि इन प्रतियोगिताओं का मुख्य उद्देश्य क्षेत्रीय युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करना और ग्रामीण स्तर पर क्रिकेट प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना है। दोनों ही टूर्नामेंटों में स्थानीय व आसपास के क्षेत्रों की कई टीमें हिस्सा लेंगी।
बहरहाल अम्बेडकरनगर के टाण्डा क्षेत्र में क्रिकेट का रोमांच देखने को मिलेगा और खेल प्रेमियों को बेहतरीन मुकाबलों का आनंद मिलेगा।




