अम्बेडकरनगर: आगामी लोकसभा सामान्य निर्वाचन 2024 को सकुशल संपन्न कराने हेतु मंगलवार को आयुक्त अयोध्या मण्डल अयोध्या गौरव दयाल व पुलिस महा निरीक्षक अयोध्या परिक्षेत्र अयोध्या प्रवीण कुमार द्वारा जनपद के दौरा किया गया। आयुक्त व आईजी द्वारा मुख्यमंत्री कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया गया तथा साथ ही साथ लोकसभा चुनाव की तैयारियों का भी जायज़ा लिया।
उक्त मौके पर जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी अविनाश सिंह, पुलिस अधीक्षक डॉ कौस्तुभ, अपर जिलाधिकारी/उप जिला निर्वाचन अधिकारी की उपस्थिति में राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज अकबरपुर में चुनाव के उपरांत ईवीएम सहित अन्य सामग्रियों को जमा करने व स्ट्रांग रूम सहित मतगणना स्थल का निरीक्षण भी किया गया।
इस दौरान आयुक्त द्वारा उपस्थित उप जिला निर्वाचन अधिकारी/अपर जिलाधिकारी, अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी, उप जिलाधिकारी सदर, सहित निर्वाचन विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए ।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि यहां की सभी व्यवस्थाओं को चुस्त दुरुस्त कर लिया जाए।जिससे निर्वाचन 2024 को सकुशल, निष्पक्ष संपन्न कराया जाए साथ ही साथ निर्वाचन के दौरान लगे हुए कर्मचारियों की सुविधाओं का भी पूरा ध्यान रखा जाए जिससे कर्मचारी पूरे मनोयोग से दिए हुए दायित्व का निर्वहन करें।
आगामी 15 मार्च को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आगमन सीडीओ आवास के पास स्थित मैदान में हो रहा है। कमिश्नर व आईजी द्वारा उक्त कार्यक्रम स्थल का भी निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी, जिला सूचना अधिकारी तथा संबंधित विभाग के अधिकारी/कर्मचारी मौके पर उपस्थित रहे।





