शटर और अलमारी का ताला तोड़कर बेखौफ बदमाशों ने दिया वारदात को अंजाम, सुबह दुकान खुली तो उड़ गए होश; बाजार में दहशत
अम्बेडकरनगर: जलालपुर कोतवाली क्षेत्र का नर्सरी बाजार रविवार रात चोरों के निशाने पर रहा। बेखौफ बदमाशों ने एक सर्राफा दुकान का शटर और अंदर रखी अलमारी का ताला तोड़कर करीब 100 ग्राम सोना और 4 किलो चांदी के आभूषण समेट लिए। पीड़ित के अनुसार चोरी गए जेवरात की कीमत 15 लाख रुपये से अधिक है। सोमवार सुबह दुकान खुलते ही चोरी का पता चला तो इलाके में सनसनी फैल गई।
मोहल्ला छाछू निवासी अविनाश सोनी की नर्सरी बाजार में किराए के भवन में सर्राफा की दुकान है। वह दुकान से करीब 500 मीटर दूर किराए के कमरे में रहते हैं। रविवार रात रोज की तरह दुकान बंद कर चले गए थे, लेकिन सुबह जब दुकान पहुंचे तो शटर का ताला टूटा मिला। अंदर का नजारा देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। अलमारी का ताला टूटा पड़ा था और उसमें रखे सोने-चांदी के सभी कीमती आभूषण गायब थे।
घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 और जलालपुर पुलिस मौके पर पहुंची। उपनिरीक्षक दिलेश सरोज ने पुलिस टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। पीड़ित ने पुलिस को लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
इस दुस्साहसिक वारदात के बाद नर्सरी बाजार के व्यापारियों में भारी आक्रोश और दहशत है। व्यापारियों का कहना है कि यदि मुख्य बाजार में भी सर्राफा दुकानें सुरक्षित नहीं हैं, तो सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अजय प्रताप यादव ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और जल्द ही घटना का खुलासा करने का दावा किया गया है।




