टाण्डा के बुनकरों के लिए उम्मीद की नई किरण
अम्बेडकरनगर (रिपोर्ट: आलम खान एडिटर-मान्यता प्राप्त पत्रकार) जनपद के टाण्डा क्षेत्र में बुनकरों के उत्थान की दिशा में एक सकारात्मक और भरोसेमंद पहल देखने को मिली, जब मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला ने बुनकरों के लिए संचालित कॉमन फैसिलिटी सेंटर (CFC) का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान CDO ने न केवल केंद्र की कार्यप्रणाली का जायजा लिया, बल्कि बुनकरों से सीधा संवाद कर उन्हें सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं की विस्तृत जानकारी भी दी।

सीडीओ आनंद कुमार शुक्ला ने बुनकरों को बताया कि सरकार उनके आर्थिक सशक्तिकरण के लिए कई योजनाओं के माध्यम से सहयोग कर रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, एक जिला एक उत्पाद (ODOP) योजना, हस्तशिल्प विपणन प्रोत्साहन योजना सहित अन्य कल्याणकारी योजनाओं के लाभ, पात्रता और आवेदन प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि इन योजनाओं के जरिए बुनकरों के लिए स्वरोजगार, आधुनिक तकनीक, विपणन और वित्तीय सहायता के कई द्वार खुले हैं।

निरीक्षण के दौरान CDO ने CFC को बुनकरों के लिए तकनीकी सहयोग, प्रशिक्षण और बाजार से जोड़ने का मजबूत प्लेटफॉर्म बताया और अधिकारियों को निर्देश दिए कि अधिक से अधिक बुनकरों को योजनाओं से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाया जाए। उक्त मौके पर सीडीओ के हाथों जरूरतमंदों में कम्बल भी वितरित किया गया।
इस बीच प्रशासनिक स्तर पर टाण्डा क्षेत्र को लेकर गतिविधियां और तेज होने के संकेत मिले हैं। आगामी शनिवार को जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला द्वारा टाण्डा नगर क्षेत्र एवं कपड़ा मंडी का औचक निरीक्षण किए जाने की संभावना है, जिससे बुनकरों और व्यापारियों में सकारात्मक अपेक्षाएं बढ़ गई हैं।
निरीक्षण के उपरांत CFC निदेशक हाजी कासिम अंसारी ने CDO आनंद कुमार शुक्ला को अंगवस्त्र भेंट कर उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया। उन्होंने प्रशासन के सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह के निरीक्षण और मार्गदर्शन से टाण्डा के बुनकरों को नई दिशा और मजबूती मिल रही है।
कुल मिलाकर, प्रशासन की सक्रियता और योजनाओं की जानकारी से टाण्डा के बुनकरों में नई उम्मीद जगी है और यह पहल उनके आर्थिक, सामाजिक और व्यावसायिक उत्थान की दिशा में एक मजबूत कदम मानी जा रही है।








