बिजनेस प्लान 2026-27 के तहत कई गांवों में ट्रांसफार्मरों का हुआ अपग्रेडेशन, हजारों उपभोक्ताओं को मिलेगा निर्बाध और बेहतर वोल्टेज
अम्बेडकरनगर: मुबारकपुर विद्युत उपकेंद्र क्षेत्र के हजारों बिजली उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी खबर है। प्रदेश सरकार के बिजनेस प्लान 2026-27 के तहत क्षेत्र में ओवरलोड ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाकर बिजली व्यवस्था को मजबूत किया गया है। इससे लंबे समय से लो-वोल्टेज, बार-बार ट्रांसफार्मर खराब होने और बिजली आपूर्ति बाधित होने जैसी समस्याओं से जूझ रहे उपभोक्ताओं को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
विद्युत विभाग ने फूलपुर बाजार में 100 केवीए ट्रांसफार्मर को बढ़ाकर 250 केवीए कर दिया है। वहीं फत्तेपुर अजमेरी बादशाहपुर, जल्लापुर, महादेवा घाट और रसूलपुर में लगे 25 केवीए ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाकर 63 केवीए कर दी गई है। क्षमता वृद्धि के बाद इन इलाकों में बढ़ते बिजली भार का बेहतर ढंग से प्रबंधन होगा और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित होगी।
कार्य का स्थलीय निरीक्षण अधिशासी अभियंता ई. मोहित कुमार और उपखंड अधिकारी ई. वीरेंद्र कुमार शुक्ला ने किया। अधिकारियों ने कार्यों की गुणवत्ता पर संतोष जताते हुए उपभोक्ताओं की शिकायतों के त्वरित निस्तारण और बेहतर विद्युत आपूर्ति बनाए रखने के निर्देश दिए।
अवर अभियंता संजय कुमार यादव ने बताया कि ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ने से ओवरलोडिंग कम होगी, तकनीकी खराबियों और ट्रांसफार्मर जलने की घटनाओं में कमी आएगी। इससे उपभोक्ताओं को सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण और लगातार बिजली मिल सकेगी।
गौरतलब है कि जेई संजय कुमार यादव द्वारा मुबारकपुर विद्युत उपकेंद्र का कार्यभार संभालने के बाद क्षेत्र में ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि, जर्जर लाइनों के सुदृढ़ीकरण और विद्युत तंत्र के आधुनिकीकरण का अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसका असर अब जमीनी स्तर पर भी दिखाई देने लगा है और बिजली व्यवस्था पहले की तुलना में काफी बेहतर हुई है।
क्षेत्रीय लोगों ने इस पहल का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और ऊर्जा मंत्री ए. के. शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश में बिजली व्यवस्था में हो रहे सुधारों की सराहना की। साथ ही विद्युत विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के प्रयासों की भी प्रशंसा करते हुए उन्हें धन्यवाद दिया।




