श्रीराम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के दृष्टिगत पुलिस कप्तान ने जारी किया दिशा निर्देश
अम्बेडकरनगर (रिपोर्ट: आलम खान – एडिटर इन चीफ) श्री राम मन्दिर प्राण प्रतिष्ठा के दृष्टिगत पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ के निर्देशानुसार जनपद के समस्त क्षेत्राधिकारी व थाना प्रभरियों द्वारा अपने-अपने सर्किल व थाना क्षेत्र के गणमान्य व्यक्ति, ग्राम प्रधान व चौकीदारों के साथ बैठक कर उन्हें आवश्यक जानकारियां उपलब्ध कराने के लिए निर्देशित किया गया है।
बैठक व गोष्ठी का दौरान समस्त व्यक्तियों को अवगत कराया गया कि यदि कोई अनजान व्यक्ति किसी भी ग्राम, घर में रुकता व निवास करता है तो उसकी सूचना तत्काल सम्बन्धित थाने को देना सुनिश्चित करेगें। आगामी 14 से 22 जनवरी तक जनपद अयोध्या में भारी वाहनों पर पूर्णतया प्रतिबन्ध लगाया गया है तथा 20 जनवरी से 22 जनवरी तक बिना पास के दो पहिया व छोटे वाहन तथा व्यक्तियों पर जनपद अयोध्या जाने पर पूर्णतया प्रतिबन्ध लगाया गया है। यदि किसी व्यक्ति को लखनऊ की यात्रा करनी है तो पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के माध्यम से यात्रा कर सकते है साथ ही साथ गोष्ठी में उपस्थित व्यक्तियों को किसी भी प्रकार की भ्रामक खबर को प्रसारित न करने व भ्रामक खबर पर ध्यान न देने हेतु बताया गया है तथा किसी भी प्रकार की समस्या व लाभप्रद सूचना से तत्काल सम्बन्धित थाने को अवगत कराने हेतु निर्देशित किया गया। यदि कोई व्यक्ति सोशल मीडिया या अन्य किसी प्लेटफॉर्म पर किसी भी प्रकार की भ्रामक/असत्य सूचना प्रसारित करता है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कठोरतम कार्यवाही सुनिश्चित की जायेगी।
टाण्डा कोयवाली पुलिस ने भी ग्रामों में नियुक्त चौकीदारों की मीटिंग कर आगामी 22 जनवरी को अयोध्या में भगवान राम की होने वाले प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम को देखते हुए आगामी 14 जनवरी से बड़े वाहन व 18 जनवरी से किसी को भी अयोध्या की तरफ न जाने के लिए ग्रामों में प्रचार प्रसार करने की हिदायत दिया है।
कोतवाली में मीटिंग के दौरान टाण्डा कोतवाली प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह ने चौकीदारों से उनके क्षेत्रों का फीड बैक लिया और उन्हें अपराधियों व अराजक तत्त्वों के सम्बंध में सूचना एकत्र कर जानकारी देने की जिम्मेदारी दी और कहा कि आप लोग क्षेत्र में जनमानस को यह बताए कि अयोध्या 22 जनवरी तक कोई कूच न करे 14 जनवरी से बड़े वाहन व 18 जनवरी से सभी वाहन व पैदल भी अयोध्या नहीं जा सकेंगे। ऐसा अयोध्या में भीड़ भाड़ को रोकने व देश विदेश से आ रहे मेहमानों व देश प्रधानमंत्री की सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए लिया गया है। उन्होंने सभी चौकीदारों को अपने अपने क्षेत्रों में मुस्तैद रहने की बात कही। साथ ही वृद्ध चौकीदारों से उनके परिवार के सदस्यों को भर्ती हेतु कागजात भी मांगे। कोतवाल ने बताया कि ग्राम के चौकीदार पुलिस विभाग की रीढ़ हैं और ग्रामों में आपराधिक गतिविधियों की जानकारी का मुख्य साधन हैं।





