WhatsApp Icon

विहिप के 62वें स्थापना दिवस पर गरजा जलालपुर! हिंदू समाज की एकजुटता और सनातन संस्कृति को मजबूत करने का आह्वान

Sharing Is Caring:

अम्बेडकरनगर: विश्व हिंदू परिषद के 62वें स्थापना दिवस पर रविवार को जलालपुर के गायत्री मंदिर में आयोजित जिला एवं नगर इकाई की बैठक में हिंदू समाज की एकजुटता, सनातन संस्कृति के संरक्षण और सामाजिक जागरूकता को लेकर कार्यकर्ताओं में जोश भरा गया। मुख्य अतिथि विहिप के प्रांत सहमंत्री विवेक सिंह ने संगठन के इतिहास और उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कार्यकर्ताओं से संगठन की विचारधारा और सामाजिक सरोकारों को गांव-गांव तक पहुंचाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता और विहिप के प्रमुख संस्थापक अशोक सिंघल के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुई। बैठक का संचालन जिला मंत्री विकास मौर्य ने किया।

मुख्य अतिथि विवेक सिंह ने कहा कि विश्व हिंदू परिषद की स्थापना हिंदू समाज को संगठित करने, सनातन संस्कृति, धर्म एवं परंपराओं के संरक्षण तथा विश्वभर में रहने वाले हिंदुओं को उनकी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने के उद्देश्य से की गई थी। उन्होंने कहा कि संगठन का प्रयास हिंदू समाज को सामाजिक, सांस्कृतिक और संगठनात्मक रूप से मजबूत करना है।

उन्होंने विहिप के प्रतीक बरगद के वृक्ष और संगठन के उद्घोष ‘धर्मो रक्षति रक्षितः’ का उल्लेख करते हुए कहा कि संगठन ने धार्मिक एवं सांस्कृतिक विषयों के साथ सामाजिक सरोकारों पर भी लगातार काम किया है। इस दौरान उन्होंने अयोध्या राम जन्मभूमि आंदोलन में विहिप की भूमिका का भी उल्लेख किया।

विवेक सिंह ने कहा कि मौजूदा दौर में सांस्कृतिक पहचान और धार्मिक परंपराओं को लेकर समाज में जागरूकता बेहद जरूरी है। कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि वे नई पीढ़ी को सनातन संस्कृति, धार्मिक विरासत और सामाजिक मूल्यों से जोड़ें तथा सेवा, सामाजिक समरसता और संगठनात्मक एकता के कार्यों को आगे बढ़ाएं।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन के उद्देश्यों को गांव-गांव और समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया।

1964 में हुई थी विहिप की स्थापना

वक्ताओं ने बताया कि विश्व हिंदू परिषद की स्थापना 29 अगस्त 1964 को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के दिन मुंबई के संदीपनी साधनालय में हुई थी। संतों, धार्मिक नेताओं और हिंदू समाज के प्रमुख लोगों की मौजूदगी में संगठन की नींव रखी गई थी। दादा साहब आप्टे और स्वामी चिन्मयानंद समेत कई प्रमुख व्यक्तित्व इसकी स्थापना से जुड़े रहे।

स्थापना के बाद विहिप ने मंदिरों, धार्मिक स्थलों, गौ-संरक्षण, धर्माचार्यों के समन्वय, सामाजिक सेवा और हिंदू समाज से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर देशभर में गतिविधियां संचालित कीं।

बैठक में वक्ताओं ने स्पष्ट किया कि संगठन का कार्य केवल धार्मिक आयोजनों तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक समरसता, सेवा, सांस्कृतिक जागरूकता और संगठनात्मक एकता को मजबूत करना भी इसकी प्राथमिकताओं में शामिल है।

अंत में कार्यकर्ताओं ने संगठन के उद्देश्यों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और सामाजिक-सांस्कृतिक जागरूकता को और मजबूत करने का संकल्प लिया।

बैठक में जिला अध्यक्ष हृदय मणि मिश्रा, जिला मंत्री अभिषेक, जलालपुर नगर मंत्री आदित्य मिश्रा समेत विशाल उपाध्याय, दिलीप सोनी, सर्वेश जायसवाल सहित जिला एवं नगर इकाई के दर्जनों पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

अन्य खबर

पहले रौनक, अब साजिद… दो बच्चों की गुमशुदगी पर कांग्रेस का हल्लाबोल! पुलिस पर लापरवाही का आरोप, आंदोलन की चेतावनी

सुबह स्कूल का गेट नहीं खुला तो मचा हड़कंप, अंदर का नजारा देख ग्रामीणों के उड़ गए होश! सुरक्षा गार्ड के कमरे में फंदे से लटका मिला पीआरडी जवान

राष्ट्रीय लोक अदालत में 1.41 लाख से अधिक वादों का निस्तारण, करोड़ों के विवाद सुलझे

error: Content is protected !!