13 साल के दो बच्चे लापता, पुलिस की सुस्ती पर कांग्रेस का हल्लाबोल! साजिद के घर पहुंचा 16 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल, बोली—जल्द खुलासा नहीं तो सड़क पर उतरेंगे
अम्बेडकरनगर। जिले में दो 13 वर्षीय बच्चों के गुमशुदा होने के मामलों ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बच्चों की तलाश और मुकदमा दर्ज करने में कथित देरी को लेकर कांग्रेस ने पुलिस के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। रविवार को जिला कांग्रेस अध्यक्ष कृष्ण कुमार यादव के निर्देश पर जिला उपाध्यक्ष कुलदीप उपाध्याय के नेतृत्व में 16 सदस्यीय कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल हंसवर थाना क्षेत्र के मुंडेरा गांव पहुंचा और लापता साजिद के परिजनों से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी ली। 
प्रतिनिधिमंडल के गांव पहुंचते ही हंसवर पुलिस के जवान भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस की मौजूदगी में कांग्रेस नेताओं ने साजिद के पिता रहीस से बातचीत की और बच्चे के लापता होने से जुड़ी जानकारी जुटाई। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि परिजनों द्वारा तहरीर दिए जाने के बावजूद पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू नहीं की।
‘शुरुआत में कार्रवाई होती तो शायद आज साजिद घर पर होता’
जिला उपाध्यक्ष कुलदीप उपाध्याय ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि मुंडेरा गांव निवासी 13 वर्षीय साजिद घर से लापता है। परिजनों ने 11 सितंबर की देर शाम हंसवर थाने में तहरीर दी, लेकिन मुकदमा दर्ज करने में देरी हुई।

उन्होंने कहा कि गुमशुदगी के शुरुआती समय में ही पुलिस सक्रिय होकर बच्चे की तलाश शुरू करती तो उसके बरामद होने की संभावना अधिक रहती। कांग्रेस नेता ने कहा कि बच्चे की गुमशुदगी कोई सामान्य घटना नहीं है। ऐसे मामलों में पुलिस को तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए, क्योंकि हर गुजरता घंटा परिवार की चिंता बढ़ाता है।
रौनक की गुमशुदगी में भी पुलिस पर देरी का आरोप
कांग्रेस ने टांडा कोतवाली क्षेत्र के रसूलपुर सकरवाल गांव की 13 वर्षीय रौनक के मामले को भी उठाया। कांग्रेस के अनुसार रौनक 6 सितंबर से लापता है। आरोप है कि स्थानीय सकरावल पुलिस चौकी पर तहरीर दिए जाने के बावजूद कई दिनों तक मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। कुलदीप उपाध्याय ने कहा कि दोनों मामलों में यदि पुलिस स्तर से लापरवाही हुई है तो संबंधित पुलिसकर्मियों की जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि बच्चों की तलाश में किसी भी स्तर की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी।
कांग्रेस की दो टूक—जल्द खुलासा नहीं तो आंदोलन
कांग्रेस ने दोनों बच्चों की जल्द बरामदगी की मांग करते हुए पुलिस-प्रशासन को आंदोलन की चेतावनी दी है। कुलदीप उपाध्याय ने कहा कि यदि दोनों मामलों का शीघ्र खुलासा नहीं हुआ तो कांग्रेस पार्टी सड़क पर उतरकर बड़ा आंदोलन करेगी। उन्होंने कहा कि दोनों मामलों की जानकारी जिला कांग्रेस अध्यक्ष कृष्ण कुमार यादव के माध्यम से प्रदेश नेतृत्व को भी दी जाएगी।
कांग्रेस नेताओं ने जिले में बच्चों की गुमशुदगी को लेकर चिंता जताते हुए कथित मानव तस्करी के नेटवर्क की भी जांच की मांग की। हालांकि मानव तस्करी के संबंध में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।प्रतिनिधिमंडल में बसखारी ब्लॉक अध्यक्ष नियामतुल्लाह, मोहम्मद रहीस, जिला कार्यकारिणी सदस्य मिसबाहुद्दीन दीन अंसारी, मंडल अध्यक्ष लालमणि उपाध्याय, जिला महासचिव साधना नायक, बसखारी ब्लॉक सचिव सद्दाम, सुल्तान, सदाब अनवर, मोहम्मद नसीम, मोहम्मद आजम, रामबचन, जिला सचिव निजामुद्दीन समेत अन्य कांग्रेसजन मौजूद रहे।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष कृष्ण कुमार यादव ने पुलिस प्रशासन को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि पहले तो गुमशुदगी ही दर्ज नहीं करते हैं और कांग्रेस के दबाव में गुमशुदगी दर्ज कर बैठ जाते हैं जबकि ऐसा कदापि नहीं चलेगा, उन्होंने कहा कि लापता रौनक व लापता साजिद को शीघ्र बरामद किया जाए अन्यथा कांग्रेस सड़क पर उतर कर बड़ा आंदोलन करेगी जिसकी सभी जिम्मेदारी पुलिस प्रशासन की होगी।
अब कांग्रेस की नजर पुलिस की अगली कार्रवाई पर है—दोनों बच्चों की सुरक्षित बरामदगी और मामलों का जल्द खुलासा पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती बन गया है।




