भव्य तिरंगा यात्रा में उमड़ा जनसैलाब, स्केटिंग बच्चों ने की अगुवाई; शिवबाबा धाम में 1000 मीटर लंबे तिरंगे और ‘वन्दे मातरम्’ से गूंजा माहौल
अम्बेडकरनगर। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में गुरुवार को अम्बेडकरनगर राष्ट्रभक्ति के रंग में सराबोर नजर आया। राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश लेकर निकली भव्य तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में नागरिक, जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, युवा और स्कूली बच्चे शामिल हुए। हाथों में तिरंगा और जुबां पर देशभक्ति के नारों के साथ निकली यात्रा ने पूरे शहर को राष्ट्रभक्ति के उत्साह से भर दिया।
कलेक्ट्रेट परिसर से शुरू हुई तिरंगा यात्रा की अगुवाई स्केटिंग कर रहे बच्चों ने की। यात्रा में जिला पंचायत प्रशासक श्याम सुंदर वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष दिलीप देव पटेल सहित जनप्रतिनिधि, जिलाधिकारी ईशा प्रिया, एडीएम वित्त एवं राजस्व ज्योत्स्ना बंधु, एडीएम न्यायिक रंजीत सिंह, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/एसडीएम अकबरपुर प्रतीक्षा सिंह समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। तिरंगा यात्रा कलेक्ट्रेट से निकलकर शिवबाबा धाम पहुंची।
1000 मीटर लंबे तिरंगे ने खींचा आकर्षण
शिवबाबा धाम में यात्रा का समापन भव्य तिरंगा कंसर्ट के साथ हुआ। इस दौरान करीब 1000 मीटर लंबे तिरंगे ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। कार्यक्रम स्थल पर राष्ट्रभक्ति गीतों और नारों से वातावरण गूंजता रहा। सामूहिक रूप से ‘वन्दे मातरम्’ का गायन हुआ तो पूरा परिसर देशभक्ति के जज्बे से सराबोर हो उठा।
बच्चों की प्रदर्शनी और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां बनीं आकर्षण
तिरंगा कंसर्ट में विभिन्न विद्यालयों के बच्चों ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की थीम पर आकर्षक प्रदर्शनियां लगाईं। राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव, विधान परिषद सदस्य हरिओम पांडेय, कटेहरी विधायक धर्मराज निषाद, जिलाधिकारी ईशा प्रिया सहित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने प्रदर्शनियों का अवलोकन कर बच्चों का उत्साहवर्धन किया।
विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने राष्ट्रप्रेम और देशभक्ति पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर खूब तालियां बटोरीं। जनप्रतिनिधियों ने बच्चों और आमजन को राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देश के प्रति जिम्मेदारियों का संदेश दिया।स्वतंत्रता सेनानियों के आश्रित और वीर नारियां सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के आश्रितों और वीर नारियों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। इस दौरान देश की आजादी के लिए संघर्ष करने वाले वीरों के त्याग और बलिदान को याद किया गया।
‘हर घर तिरंगा-हर दिल तिरंगा’ का दिया संदेश
जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने कहा कि तिरंगा केवल राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है। तिरंगा यात्रा का उद्देश्य नागरिकों को राष्ट्र के प्रति उनके दायित्वों के प्रति जागरूक करना और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के त्याग एवं देशभक्ति की भावना को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है।
उन्होंने कहा कि ‘हर घर तिरंगा-हर दिल तिरंगा’ के संदेश को जन-जन तक पहुंचाते हुए राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने का संकल्प लेना चाहिए।
तिरंगा यात्रा ने अम्बेडकरनगर में राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता और देशप्रेम का संदेश मजबूती से दिया। ‘तिरंगे की शान—देश की पहचान’ के उद्घोष के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।



