बसखारी में मदरसा बीबी सुल्ता खातून लीलबनात की भव्य तिरंगा यात्रा; पूर्व डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा और कुँवर बासित अली ने किया सहभागिता
अम्बेडकरनगर। मदरसों को लेकर चल रही सियासी बयानबाजी के बीच अम्बेडकरनगर में मुस्लिम महिलाओं और छात्राओं की तिरंगा यात्रा ने राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। बसखारी स्थित मदरसा बीबी सुल्ता खातून लीलबनात से निकली भव्य तिरंगा यात्रा में हजारों की संख्या में मुस्लिम महिलाएं और छात्राएं बुर्का व नकाब पहनकर हाथों में तिरंगा लेकर सड़कों पर उतरीं। इस दौरान ‘हिन्दुस्तान जिंदाबाद’ और ‘सारे जहां से अच्छा हिन्दोस्तां हमारा’ के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।
यह आयोजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर चलाए जा रहे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत किया गया। तिरंगा लेकर निकली महिलाओं और बालिकाओं ने लोगों को अपने घरों पर तिरंगा फहराने के लिए जागरूक किया। बड़ी संख्या में मुस्लिम महिलाओं की भागीदारी कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रही।
केशव प्रसाद मौर्य के बयान के बाद चर्चा में मदरसों का मुद्दा
मदरसों को लेकर राजनीतिक बहस उस समय और तेज हो गई थी, जब उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अपने एक बयान में मदरसों को आतंकवाद से जोड़ने वाली टिप्पणी की थी। उनके बयान को लेकर राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर प्रतिक्रियाएं सामने आई थीं। ऐसे माहौल में अम्बेडकरनगर में मदरसा छात्राओं और मुस्लिम महिलाओं का तिरंगा लेकर सड़क पर उतरना चर्चा का विषय बन गया।
दिनेश शर्मा बोले—तिरंगा राष्ट्र को एक करने का आह्वान
कार्यक्रम में पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सांसद दिनेश शर्मा और भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष कुँवर बासित अली भी शामिल हुए। दोनों नेताओं ने तिरंगा यात्रा में सहभागिता की।
दिनेश शर्मा ने कहा कि तिरंगा यात्रा राष्ट्र को एक करने का आह्वान है और इसमें हर धर्म के लोग हिस्सा ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि वह अयोध्या में साधु-संतों के साथ तिरंगा यात्रा में शामिल हुए और अब अम्बेडकरनगर में हजारों की संख्या में मुस्लिम महिलाएं और बालिकाएं तिरंगा लेकर राष्ट्रभक्ति का संदेश दे रही हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता का उल्लेख करते हुए शर्मा ने कहा कि उन्हें दुनिया के कई देशों ने अपने सर्वोच्च नागरिक सम्मानों से सम्मानित किया है, जिनमें कई मुस्लिम देश भी शामिल हैं। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोग चुनाव से पहले मतभेद पैदा करने और अफवाहों के आधार पर राजनीति करने का प्रयास करते हैं, लेकिन उनकी इच्छा पूरी नहीं होने वाली। उन्होंने कहा कि जो भी राष्ट्र प्रेम करता है, उसे मोदी का अभिन्न अंग मानकर सम्मान किया जाता है।
कुँवर बासित अली बोले—यह बदलते भारत की तस्वीर
भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष कुँवर बासित अली ने कहा कि प्रधानमंत्री के आह्वान पर हजारों माताएं और बहनें तिरंगा लेकर सड़क पर उतरी हैं। उन्होंने इसे ‘बदलते भारत’ की तस्वीर बताते हुए कहा कि जो महिलाएं कभी घर से बाहर नहीं निकलती थीं, वे आज हजारों की संख्या में तिरंगा पदयात्रा में शामिल होकर देशभक्ति का संदेश दे रही हैं।
मदरसे और मुस्लिम समाज को लेकर जारी राजनीतिक बहस के बीच बसखारी में निकली यह तिरंगा यात्रा खास संदेश देती नजर आई। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज और जुबां पर देशभक्ति के नारों के साथ महिलाओं और छात्राओं की मौजूदगी ने कार्यक्रम को अलग पहचान दी।




