अम्बेडकरनगर: जलालपुर कोतवाली क्षेत्र में शनिवार शाम करीब 5 बजे हुए भीषण सड़क हादसे में एक अधेड़ व्यक्ति की मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्रैक्टर की टक्कर से घायल हुए व्यक्ति ने अस्पताल पहुंचते ही दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार, कोतवाली क्षेत्र के सोनगांव निवासी अरविंद गौड़ (55 वर्ष) टांडा से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान चांडीडीहा गांव के पास जलालपुर की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन लेकर भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन स्थानीय लोगों ने ट्रैक्टर को पकड़ लिया। हालांकि चालक मौके से फरार होने में सफल रहा।
सूचना पर पहुंची डायल 108 एंबुलेंस ने घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नगपुर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।
इस संबंध में कोतवाल अजय प्रताप यादव ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा तहरीर मिलने पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।





