अम्बेडकरनगर: राजेसुल्तानपुर थाना क्षेत्र के खरूवांव गांव में 12 वर्षीय बालक को कथित तौर पर बंधक बनाकर बेरहमी से पीटने के मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पीड़ित के पिता की तहरीर पर पुलिस ने 5 नामजद व कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित मान सिंह निवासी ग्राम खरूवांव के अनुसार, उनका 12 वर्षीय पुत्र सूरज सिंह 3 जुलाई की सुबह करीब 6 बजे गांव में था। आरोप है कि दुर्गिविजय सिंह, शिवनंदन सिंह, आशीष सिंह, सत्यम सिंह तथा कुछ अज्ञात लोग उसे जबरन अपने घर ले गए, जहां उसे बंधक बनाकर गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा गया।
तहरीर में आरोप लगाया गया है कि मारपीट के दौरान बालक के हाथ, पैर व शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी। परिजन जब मौके पर पहुंचे तो बालक आरोपियों के घर में अचेत अवस्था में मिला, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए दुर्गिविजय सिंह, शिवनंदन सिंह, आशीष सिंह, सत्यम सिंह एवं कुछ अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। अब पुलिस घटना की जांच कर आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है।




