अकबरपुर के जमुनीपुर का मामला, शरीर पर नहीं मिले चोट के निशान; पुलिस ने शव कब्जे में लेकर शुरू की जांच
अम्बेडकरनगर। जनपद के अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र में एक 40 वर्षीय व्यक्ति का शव नहर में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान जितेंद्र कुमार (40) पुत्र राम जन्म, निवासी ग्राम जमुनीपुर हरिपुर, थाना कोतवाली अकबरपुर के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, जितेंद्र कुमार शुक्रवार शाम करीब 8 बजे शराब के नशे में घर से बाजार जाने की बात कहकर निकले थे। बताया जा रहा है कि उन्होंने हरिपुर से जमुनीपुर जाने वाले मार्ग पर पुलिया के पास बैठकर शराब पी थी। इसके बाद वह घर नहीं लौटे।
शनिवार दोपहर करीब 12:30 बजे ग्रामीणों ने नहर में एक शव उतराता देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया, जिसकी पहचान जितेंद्र कुमार के रूप में हुई।
प्रारंभिक जांच में मृतक के शरीर पर किसी प्रकार के बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मौत के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।




