अम्बेडकरनगर: टाण्डा नगर पालिमा परिक्षेत्र के मुबारकपुर की प्रतिष्ठित धार्मिक संस्था श्री सुन्दर काण्ड सेवा समिति का वार्षिकोत्सव श्रद्धा, उत्साह और भक्ति के अद्भुत संगम के बीच मोहल्ला मुबारकपुर स्थित प्राचीन मठिया माता मंदिर परिसर में भव्य रूप से सम्पन्न हुआ। हालांकि आयोजन से पूर्व नगर पालिका द्वारा साफ-सफाई और चूने के छिड़काव की व्यवस्था न किए जाने पर लोगों में भारी आक्रोश भी देखने को मिला हालांकि नगर पालिका अध्यक्ष द्वारा साफ सफाई ना होने की जानकारी होते ही तत्परता दिखाते हुए तत्काल साफ सफाई व चूने का छिड़काव कराया गया।

समिति के प्रबंधक राम मूरत गुप्ता, अध्यक्ष कप्तान भारती, पूर्व अध्यक्ष राजेश सोनी, जितेन्द्र सोनी एवं सत्य प्रकाश मद्धेशिया के नेतृत्व में परम्परागत श्री राम रथ काली मंदिर से प्रारम्भ होकर रामधुन और भजन-कीर्तन के साथ निर्धारित मार्गों से होता हुआ प्राचीन मठिया माता मंदिर पहुँचा। “जय श्री राम” और “हर हर महादेव” के गगनभेदी जयघोष से पूरा नगर भक्तिमय हो उठा। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा और आरती कर रथ का स्वागत किया।
शोभायात्रा में कतारबद्ध सोहर गीत गाती महिलाओं का समूह और भगवा ध्वज थामे युवाओं की टोली विशेष आकर्षण का केंद्र रही। निर्धारित मार्ग पर स्थित मंदिरों व देवस्थानों पर पूर्व सभासद तारादेवी के नेतृत्व में महिलाओं ने विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर धूप-दीप अर्पित करते हुए सुख-समृद्धि की कामना की।
वार्षिकोत्सव के उपलक्ष्य में प्राचीन मठिया माता मंदिर परिसर में देश की प्रगति, शांति, सद्भाव और जनकल्याण के लिए सामूहिक श्री सुन्दर काण्ड पाठ एवं हनुमान चालीसा का आयोजन किया गया। इसके उपरांत पंडित दीपक उपाध्याय ने वैदिक मंत्रोच्चार के मध्य विधिवत यज्ञ सम्पन्न कराया। यजमान समिति के महामंत्री दिनेश सोनी रहे। यज्ञ में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने आहूति अर्पित कर आरती की तथा वृहद स्तर पर प्रसाद वितरण किया गया।
शोभायात्रा में शिव नारायन जायसवाल, भाजपा नेता उमेश सोनी, पूर्व अध्यक्ष राहुल चौरसिया, व्यापार मंडल जिला उपाध्यक्ष पिन्टू जायसवाल, नन्दलाल सोनी, पन्नालाल गुप्ता, विपिन विश्वकर्मा सहित सैकड़ों महिला-पुरुष शामिल रहे।
उल्लेखनीय है कि समिति पदाधिकारियों द्वारा आयोजन से तीन दिन पूर्व पालिका को लिखित सूचना देकर साफ-सफाई और चूने के छिड़काव की मांग की गई थी, लेकिन समय पर व्यवस्था न होने से लोगों में रोष व्याप्त हो गया। मामले की जानकारी मिलते ही पालिकाध्यक्ष श्रीमती शबाना नाज ने स्वयं समिति प्रबंधक से वार्ता कर तत्काल सफाई और चूने का छिड़काव कराना सुनिश्चित कराया। आयोजन के दौरान कोतवाल दीपक सिंह रघुवंशी पुलिस बल के साथ मौजूद रहे।








