अम्बेडकरनगर: जहां एक ओर घर में शादी की खुशियां सज रही थीं, वहीं अचानक हुई इस दर्दनाक घटना ने पूरे परिवार को सदमे में डाल दिया। एक पखवाड़े बाद आने वाली बारात के स्वागत की तैयारियां चल रही थीं कि दुल्हन ने घर की छत पर बने टीनशेड में साड़ी के सहारे फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। घटना से परिवार, मोहल्ले और रिश्तेदारों में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार टाण्डा कोतवाली क्षेत्र के नगर के वार्ड संख्या 01 मेंहदिया निवासी संगीता सागर पत्नी निर्मल कुमार की 21 वर्षीय पुत्री गीतांजली उर्फ लाडली ने संदिग्ध परिस्थितियों में आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बताया जा रहा है कि मृतिका की शादी की तैयारियां जोर-शोर से चल रही थीं। घर में रिश्तेदारों का आना-जाना शुरू हो गया था और उपहार में देने के लिए बुलेट मोटरसाइकिल भी आ चुकी थी। ऐसे में अचानक हुई इस घटना ने सभी को स्तब्ध कर दिया।
स्थानीय लोगों में चर्चा है कि संभवतः युवती को वर पसंद नहीं था, हालांकि इस संबंध में परिजनों ने कोई स्पष्ट बयान नहीं दिया है। इतना बड़ा कदम उठाने की किसी को उम्मीद नहीं थी।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।
घटना के बाद पूरे इलाके में मातम का माहौल है और शादी की खुशियां देखते ही देखते शोक में बदल गईं।








