अम्बेडकरनगर। शादी में निमंत्रण न मिलने की नाराजगी एक युवक को इतनी भारी पड़ गई कि अब उसे जेल की सलाखों के पीछे जाना पड़ा। कटका थाना क्षेत्र के चितईपट्टी गांव दमउवा में शादी का कार्ड न मिलने से खफा युवक पर किशोरी से अभद्रता करने और विरोध होने पर ईंट-पत्थर बरसाने का आरोप लगा है। घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
पीड़ित परिवार के अनुसार, गांव निवासी सुरेंद्र पुत्र स्वर्गीय रंजीत को उसकी दबंगई और खराब व्यवहार के चलते विवाह समारोह में आमंत्रित नहीं किया गया था। इसी बात को लेकर वह लगातार रंजिश पाले हुए था और कई दिनों से बुलेट मोटरसाइकिल पर सवार होकर घर के सामने गाली-गलौज व धमकियां दे रहा था।
आरोप है कि 18 जून की रात करीब 10 बजे परिवार की एक किशोरी शौच के लिए खेत जा रही थी। रास्ते में सुरेंद्र ने उसके साथ अभद्रता शुरू कर दी। किशोरी के शोर मचाने पर परिजन मौके पर पहुंचे तो विवाद बढ़ गया। इसके बाद आरोपी अपने घर में घुस गया, दरवाजा बंद कर छत पर चढ़ा और वहां से ईंट-पत्थरों की बारिश शुरू कर दी।
पथराव के दौरान घर आए रिश्तेदार विवेक के सिर में ईंट लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया।
पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी को उपजिलाधिकारी जलालपुर के समक्ष पेश किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम ने पक्षकारों और गवाहों के बयान सुनने के बाद आरोपी को जेल भेजने का आदेश दिया।
कटका थाना प्रभारी अक्षय कुमार पटेल ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई की गई है। उसे न्यायालय के माध्यम से जेल भेज दिया गया है तथा मामले की विवेचना जारी है।




