अम्बेडकरनगर: संत शिरोमणि रविदास जयंती के शुभ अवसर पर डॉक्टर अंबेडकर कल्याण समिति नगर के बैनर तले भव्य एवं विशाल शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा का नेतृत्व समिति अध्यक्ष धर्मदेव बहल एवं महामंत्री अच्छेलाल ने किया।
शोभायात्रा की शुरुआत वाजिदपुर स्थित बाबा साहब भीमराव अंबेडकर पार्क से हुई, जो जमालपुर चौराहा, शिवाजी तिराहा होते हुए कबीर मठ पहुंची। वहां सभी रविदास भक्तों व श्रद्धालुओं ने प्रसाद वितरण में सहभागिता की। प्रसाद वितरण के उपरांत शोभायात्रा पुनः डाकखाना, सराय चौक, छाछू मोहल्ला, उर्दू बाजार से होते हुए यादव चौराहा स्थित बाबा साहब भीमराव अंबेडकर पार्क पहुंची, जहां इसका भव्य समापन किया गया।
समापन अवसर पर समिति अध्यक्ष धर्मदेव बहल सहित संत रविदास एवं बाबा साहब अंबेडकर के अनुयायियों ने बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए। शोभायात्रा के दौरान ढोल-नगाड़ों और डीजे की धुन पर श्रद्धालु झूमते नजर आए, जिससे पूरा नगर भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए समिति अध्यक्ष धर्मदेव बहल ने संत रविदास और बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के जीवन व विचारों पर प्रकाश डालते हुए छुआछूत जैसी सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन, दलित-शोषित-वंचित वर्गों के अधिकार, सामाजिक न्याय एवं जागरूकता पर जोर दिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पंचायत सदस्य आलोक सिंह यादव ने कहा कि संत शिरोमणि रविदास और बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर का जीवन समाज के अंतिम व्यक्ति को सम्मान और अधिकार दिलाने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि बाबा साहब का संविधान सामाजिक समानता, भाईचारे और न्याय की मजबूत नींव है, जिसे आत्मसात कर ही एक सशक्त और समतामूलक समाज का निर्माण किया जा सकता है। बसपा पदाधिकारी समीर चौधरी ने कहा कि संत रविदास ने अपने विचारों से समाज को भेदभाव, ऊँच-नीच और छुआछूत से मुक्त करने का संदेश दिया, जबकि बाबा साहब अंबेडकर ने इन्हीं विचारों को संविधान के माध्यम से कानूनी अधिकारों में परिवर्तित किया। उन्होंने कहा कि बहुजन समाज की एकता और जागरूकता ही सामाजिक परिवर्तन की सबसे बड़ी शक्ति है और ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी को अपने महापुरुषों के विचारों को समझने की प्रेरणा मिलती है। महामंत्री अच्छेलाल, विधि मंत्री अधिवक्ता हरिराम अंबेश सहित अन्य वक्ताओं ने भी संत रविदास, बाबा साहब अंबेडकर एवं अन्य समाज सुधारकों के योगदान को याद किया।
इस अवसर पर कोषाध्यक्ष अशोक कुमार, हरिराम गौतम, शारदा देवी, परण देवी, सनी, लता, अमोद कुमार, राज बहादुर, राम प्यारे, संध्या रानी सहित समिति के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं सैकड़ों श्रद्धालु व अनुयायी शोभायात्रा में शामिल रहे।








