अम्बेडकरनगर: उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं अम्बेडकरनगर के प्रभारी मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी और उसके वरिष्ठ नेता शिवपाल यादव को लेकर तीखा हमला बोला। उन्होंने खुली चुनौती देते हुए कहा कि “अगर शिवपाल सिंह यादव में दम है तो जहूराबाद सीट से आकर मेरे खिलाफ चुनाव लड़ लें, उन्हें अपनी वास्तविक ताकत का एहसास हो जाएगा।”
राजभर ने कहा कि एक समय ऐसा भी था जब शिवपाल सिंह यादव को मंच से धक्का देकर बाहर कर दिया गया था, जिसके बाद उन्होंने अपनी अलग राजनीतिक पार्टी बनाई थी। उन्होंने दावा किया कि आज भी समाजवादी पार्टी में शिवपाल यादव को सम्मानजनक नजर से नहीं देखा जाता।
प्रभारी मंत्री ने शिवपाल यादव के पुराने बयानों का हवाला देते हुए कहा कि खुद शिवपाल ने कहा था कि समाजवादी पार्टी में एक “शकुनि” है, जिसे इलाके में “चश्मा” के नाम से जाना जाता है। राजभर ने यह भी कहा कि शिवपाल यादव पहले ही यह बयान दे चुके हैं कि समाजवादी पार्टी अब गरीबों की पार्टी नहीं रह गई है।
यहीं नहीं, राजभर ने सपा पर गंभीर राजनीतिक हमला करते हुए कहा कि “समाजवादी पार्टी अब जमीन कब्जाने वालों और चोर-उचक्कों की पार्टी बन गई है।” उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी के भीतर भी शिवपाल यादव को तिरछी नजर से देखा जाता है और उन्हें वह सम्मान नहीं मिलता जिसके वे हकदार हैं।
राजभर के इस बयान के बाद प्रदेश की सियासत में नया विवाद खड़ा होने की संभावना है। अम्बेडकरनगर में दिया गया उनका यह बयान राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है।




