अम्बेडकरनगर: जलालपुर क्षेत्र के वाजिदपुर में प्रतिबंधित पेड़ों की अवैध कटान और लकड़ी भंडारण के मामले में आखिरकार वन विभाग ने सख्त कार्रवाई की है। मामला मीडिया में प्रमुखता से सामने आने के बाद विभाग हरकत में आया और संबंधित ठेकेदार के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करते हुए जुर्माना लगाया गया।
जानकारी के अनुसार, ठेकेदार द्वारा रात के अंधेरे में प्रतिबंधित प्रजाति के हरे पेड़ों की कटान कर लकड़ियों का अवैध रूप से भंडारण किया जा रहा था। आरोप है कि कटान के बाद लकड़ियों को एक स्थान पर इकट्ठा कर उनकी बिक्री की तैयारी भी की जा रही थी। क्षेत्र में लंबे समय से चल रहे इस अवैध कारोबार को लेकर स्थानीय स्तर पर चर्चाएं थीं।
मामले को “सूचना न्यूज़” द्वारा प्रमुखता से प्रकाशित किए जाने के बाद वन विभाग ने जांच शुरू की। जांच में अवैध कटान एवं भंडारण की पुष्टि होने पर जलालपुर वन क्षेत्राधिकारी स्नेह कुमार के निर्देश पर संबंधित ठेकेदार के खिलाफ वन अधिनियम की धाराओं में कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज किया गया तथा आर्थिक दंड भी लगाया गया।
वन विभाग की कार्रवाई के बाद संबंधित ठेकेदार ने जुर्माना जमा करते हुए भविष्य में अवैध कटान और लकड़ी भंडारण जैसी गतिविधियों में शामिल न होने का आश्वासन दिया है।
वन क्षेत्राधिकारी स्नेह कुमार ने कहा कि क्षेत्र में हरे पेड़ों की अवैध कटान और अवैध लकड़ी कारोबार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में लगातार अभियान चलाकर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।





