अम्बेडकरनगर: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के 53वें जन्मदिन पर अम्बेडकरनगर जिले में समाजवादी पार्टी ने विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से शक्ति प्रदर्शन किया। जिलेभर में केक काटकर जन्मोत्सव मनाया गया, वृक्षारोपण एवं फलदार पौधों का वितरण किया गया, जबकि कार्यकर्ताओं ने वर्ष 2027 में प्रदेश में समाजवादी सरकार बनाने का संकल्प भी दोहराया।
टांडा विधानसभा क्षेत्र में विधायक राममूर्ति वर्मा ने ग्राम खासपुर स्थित बल्खी शाह बाबा की मजार एवं रामलीला मैदान में सात दिवसीय वृक्षारोपण अभियान के तहत पौधे रोपकर अखिलेश यादव के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं सफल नेतृत्व की कामना की। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण समाजवादी विचारधारा का महत्वपूर्ण हिस्सा है और प्रत्येक कार्यकर्ता को अधिक से अधिक वृक्ष लगाने चाहिए।

इसी क्रम में टांडा विधानसभा के किछौछा स्थित दरगाह सैय्यद मखदूम अशरफ़ समनानी के आस्ताने पर टांडा के पूर्व विधायक स्वर्गीय अजीमुलहक पहलवान के पुत्र एवं समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव मुसाब अज़ीम ने अखिलेश यादव की लंबी उम्र, उत्तम स्वास्थ्य और सफलता की दुआ करते हुए चादर पेश की। इस अवसर पर देश और प्रदेश में अमन, चैन एवं खुशहाली की भी प्रार्थना की गई।

वहीं कटेहरी विधानसभा क्षेत्र के गौराबसंतपुर गोपालपुर में आयोजित कार्यक्रम में पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं पूर्व सांसद शंखलाल मांझी के आवास/कार्यालय पर “एक बूथ-एक पेड़” अभियान के तहत वृक्षारोपण किया गया तथा फलदार पौधों का वितरण किया गया। कार्यक्रम में केक काटकर अखिलेश यादव का जन्मदिन मनाया गया। इस अवसर पर शंखलाल माझी ने भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, किसानों, महिलाओं और युवाओं के मुद्दों को लेकर निशाना साधते हुए कहा कि वर्ष 2027 में प्रदेश की जनता समाजवादी पार्टी को सत्ता में वापस लाएगी और अखिलेश यादव को पुनः मुख्यमंत्री बनाएगी।
उधर समाजवादी पार्टी के कटेहरी विधानसभा कार्यालय में भी जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। केक काटने के साथ वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में पूर्व विधानसभा प्रत्याशी श्रीमती शोभावती वर्मा, अम्बेडकरनगर के सांसद लालजी वर्मा, ब्लॉक प्रमुख, पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद रहे। सभी ने अखिलेश यादव के स्वस्थ, सुखद एवं दीर्घायु जीवन की कामना करते हुए उनके नेतृत्व में प्रदेश की उन्नति, सामाजिक न्याय और जनसेवा के संकल्प को और मजबूत करने का आह्वान किया।

जिलेभर में आयोजित इन कार्यक्रमों के माध्यम से समाजवादी पार्टी ने जन्मोत्सव को पर्यावरण संरक्षण, आस्था, संगठन विस्तार और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों से जोड़ते हुए कार्यकर्ताओं में नया उत्साह भरने का प्रयास किया। वृक्षारोपण, चादरपोशी और जनसंपर्क कार्यक्रमों के जरिए पार्टी नेताओं ने बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और वर्ष 2027 में सत्ता परिवर्तन का संदेश दिया।




