WhatsApp Icon

जलालपुर बार चुनाव में वीरेंद्र बहादुर सिंह का दबदबा! पांचवीं बार अध्यक्ष बन रचा इतिहास, जगदीश चंद्र यादव ने भी मारी बाजी

Sharing Is Caring:

अम्बेडकरनगर। जलालपुर बार एसोसिएशन के वार्षिक चुनाव में वरिष्ठ अधिवक्ता वीरेंद्र बहादुर सिंह ने एक बार फिर अपना दबदबा कायम करते हुए अध्यक्ष पद पर पांचवीं बार जीत दर्ज की। वहीं त्रिकोणीय मुकाबले में जगदीश चंद्र यादव ने मंत्री पद पर कब्जा जमाया। शुक्रवार को हुए चुनाव में पूरे दिन अधिवक्ताओं के बीच जबरदस्त गहमागहमी देखने को मिली।

कुल 133 मतदाताओं में 132 अधिवक्ताओं ने मतदान किया। चुनाव अधिकारी राम आसरे की देखरेख में मतदान संपन्न होने के बाद दोपहर तीन बजे मतगणना शुरू हुई तो परिणाम को लेकर उत्सुकता बढ़ गई।

अध्यक्ष पद पर पांचवीं बार वीरेंद्र का परचम

अध्यक्ष पद के त्रिकोणीय मुकाबले में वीरेंद्र बहादुर सिंह ने 73 मत हासिल कर शानदार जीत दर्ज की। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी शिवधारी यादव को 21 मतों से शिकस्त दी। शिवधारी यादव को 52 मत मिले, जबकि शैलेंद्र नाथ द्विवेदी के खाते में सात मत आए। पांचवीं बार अध्यक्ष निर्वाचित होने के साथ ही वीरेंद्र बहादुर सिंह ने बार एसोसिएशन में अपनी मजबूत पकड़ एक बार फिर साबित कर दी। जीत की घोषणा होते ही समर्थकों में उत्साह की लहर दौड़ गई।

मंत्री पद पर भी त्रिकोणीय मुकाबला

मंत्री पद के लिए भी मुकाबला तीन प्रत्याशियों के बीच रहा। जगदीश चंद्र यादव ने 66 मत प्राप्त कर जीत दर्ज की। उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी मुलायम सिंह यादव को 48 मत, जबकि शिवपूजन को 17 मत मिले।

कई पदों पर निर्विरोध निर्वाचन

चुनाव में वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर राम आसरे, उपाध्यक्ष पद पर पंकज मिश्रा, संयुक्त मंत्री पद पर चंद्र विजय राव, कोषाध्यक्ष पद पर यशोदानंद मिश्र तथा ऑडिटर पद पर आशाराम को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया। परिणाम घोषित होते ही विजयी प्रत्याशियों के समर्थकों ने खुशी मनाई। अधिवक्ताओं ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई दी और एक-दूसरे का मुंह मीठा कराया। मिठाइयां बांटकर जीत का जश्न मनाया गया।

नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने बार के हितों को प्राथमिकता देने और अधिवक्ताओं की समस्याओं के समाधान के लिए मिलकर काम करने का भरोसा दिलाया।

अन्य खबर

खेत में मौत का ‘झटका’! युवक की जान लेने वाले तार का मालिक गिरफ्तार, पुलिस ने भेजा जेल

अम्बेडकरनगर की छात्राओं को आत्मरक्षा के लिए किया जा रहा तैयार, स्कूलों में गूंज रहे जूडो-कराटे के दांव

अंबेडकरनगर के मशहूर चिकित्सक डॉ. डीपी वर्मा का निधन, इलाज के दौरान थमी सांस; कोरोना काल की सेवाएं रहेंगी याद, शोक संवेदना का सिलसिला जारी

error: Content is protected !!