WhatsApp Icon

फर्जी VIP रौब पर पुलिस का डबल अटैक—मॉडिफाइड साइलेंसर व अवैध हूटर वालों पर सख्त कार्रवाई

Sharing Is Caring:

अम्बेडकरनगर: जिले में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए पुलिस और प्रशासन अब पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहे हैं। उच्च न्यायालय के आदेशों के अनुपालन में 80 डेसीबल से अधिक ध्वनि करने वाले मॉडिफाइड साइलेंसर के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है। एआरटीओ और यातायात पुलिस की संयुक्त टीम ने शनिवार को सघन चेकिंग अभियान चलाते हुए 45 वाहनों की जांच की, जिसमें मानकों के विपरीत साइलेंसर लगाने वालों को चिन्हित कर कार्रवाई की गई।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी दुपहिया वाहन, विशेषकर बुलेट मोटरसाइकिल में मॉडिफाइड साइलेंसर पाया जाता है तो मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 190(2) के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी, जिसमें चालान, जेल और लाइसेंस निलंबन तक शामिल है। इसके साथ ही ऐसे साइलेंसर लगाने वाले गैराज और डीलर भी प्रशासन के रडार पर हैं।


उधर, बसखारी थाना क्षेत्र में अवैध हूटर के खिलाफ भी जोरदार अभियान चलाया गया। थानाध्यक्ष सुनील कुमार पांडेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बाजार और आसपास के इलाकों में दर्जनों वाहनों की जांच की, जहां कई गाड़ियों में अवैध हूटर लगे पाए गए। पुलिस ने मौके पर ही हूटर उतरवाकर वाहन चालकों को कड़ी चेतावनी दी। पुलिस का कहना है कि बिना अनुमति हूटर का प्रयोग पूरी तरह अवैध है और इससे आम जनता में भय व भ्रम की स्थिति उत्पन्न होती है।
अभियान के दौरान हेलमेट और सीटबेल्ट उल्लंघन में 21 वाहनों का चालान भी किया गया। नवागत पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह के सख्त निर्देशों पर जिलेभर में इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी है, जिससे साफ है कि अब नियमों की अनदेखी करने वालों के लिए सड़कों पर कोई राहत नहीं है।
स्थानीय लोगों ने इस अभियान की सराहना करते हुए कहा कि इससे सड़क पर शोर मचाने और फर्जी रौब झाड़ने वालों पर लगाम लगेगी तथा आम जनता को राहत मिलेगी। कुल मिलाकर, पुलिस का यह अभियान न केवल कानून का पालन सुनिश्चित कर रहा है, बल्कि जनता के बीच सुरक्षा और विश्वास की भावना को भी मजबूत कर रहा है।

अन्य खबर

मानवता की मिसाल बना गाज़ी फाउंडेशन, 8वें स्थापना दिवस पर यात्रियों को बांटे फल और शीतल जल

तालाब विवाद से उठी चिता, अब कानून व्यवस्था पर सियासत की आग: मोहनलाल हत्याकांड पर कांग्रेस का हमला

लम्हों ने खता की थी, सदियों ने सज़ा पाई… खान मुबारक की मौत के बाद भी परिवार पर कानून का शिकंजा

error: Content is protected !!

We use cookies for analytics and advertising. By continuing to use this site, you consent to our use of cookies.