अम्बेडकरनगर: देर शाम जारी आईएएस ट्रांसफर लिस्ट ने जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की कुर्सी छीन ली और 2016 बैच की आईएएस ईशा प्रिया को जिले की नई डीएम बना दिया।कम समय में तेज़ फैसलों और सख्त प्रशासनिक पकड़ के लिए चर्चित रहे अनुपम शुक्ला का यूं अचानक हटना अब सवालों के घेरे में है—क्या यह महज रूटीन फेरबदल है या किसी बड़े “पावर प्ले” का हिस्सा या अम्बेडकरनगर में महिला सशक्तिकरण का नया इतिहास लिखने का प्रयास है।
नई डीएम ईशा प्रिया की तैनाती के साथ ही अम्बेडकरनगर में एक अनोखा समीकरण बन गया है। एक सप्ताह पूर्व 2017 बैच की आईपीएस एसपी प्राची सिंह को जनपद की सुरक्षा की कमान सौंपी गई थी और उससे थोड़ा पहले ही ज्योत्सना बन्धु को अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व की जिम्मेदारी दी गई थी, ऐसा माना जा रहा है कि अब जिले की पूरी कमान “महिला ट्रायो” के हाथ में आ गई है जिससे आपसी सामंजस्य काफी बेहतर बनेगा और चौमुखी विकास के साथ सुरक्षा भी मजबूत होगी।
सूत्र बताते हैं कि ईशा प्रिया की पहचान तेज़, सख्त और रिजल्ट देने वाली अफसर के तौर पर है—यानी आने वाले दिनों में फाइलों की रफ्तार बढ़ेगी और ढिलाई पर सीधा एक्शन देखने को मिल सकता है।
उधर, अनुपम शुक्ला के तबादले को लेकर अंदरखाने चर्चाओं का बाजार गर्म है। देर शाम आए इस आदेश ने यह सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर इतनी जल्दबाजी क्यों?
फिलहाल, एक बात साफ है—अम्बेडकरनगर में प्रशासन का चेहरा बदल चुका है, और इस बदलाव के पीछे की कहानी अभी परदे के पीछे है।








