WhatsApp Icon

बिजली कटौती से जनता बेहाल, महंगी बिजली पर AAP का हल्लाबोल! स्मार्ट मीटर को बताया ‘लूट का नया हथियार

Sharing Is Caring:
भीषण गर्मी में बिजली गुल, जनता त्रस्त; AAP ने सरकार पर साधा निशाना, कहा— दावे बहुत, राहत शून्य

अम्बेडकरनगर: भीषण गर्मी के बीच बिजली संकट, अघोषित कटौती, बढ़ती बिजली दरों और स्मार्ट मीटर को लेकर उठ रहे विवादों के विरोध में आम आदमी पार्टी (AAP) ने गुरुवार को जलालपुर स्थित विद्युत उपकेंद्र (हाइडिल) पर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन अधिशासी अभियंता (एक्सईएन) को सौंपकर बिजली व्यवस्था में सुधार की मांग उठाई।

प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे आम आदमी पार्टी के अयोध्या प्रांत अध्यक्ष विनय पटेल ने कहा कि प्रदेश की जनता इस समय दोहरी मार झेल रही है। एक ओर भीषण गर्मी लोगों का जीना मुश्किल कर रही है तो दूसरी ओर लगातार हो रही बिजली कटौती ने हालात और खराब कर दिए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जलालपुर क्षेत्र समेत प्रदेश के कई हिस्सों में 10 से 12 घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहने की शिकायतें मिल रही हैं, जिससे आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।

उन्होंने कहा कि सरकार प्रदेश में बेहतर बिजली व्यवस्था के दावे कर रही है, लेकिन धरातल पर स्थिति बिल्कुल अलग दिखाई दे रही है। किसान खेतों की सिंचाई के लिए परेशान हैं, व्यापारी बिजली संकट से नुकसान उठा रहे हैं और छात्र अंधेरे में पढ़ाई करने को मजबूर हैं। इसके बावजूद उपभोक्ताओं से लगातार महंगी बिजली का बिल वसूला जा रहा है।

जिलाध्यक्ष बृजेश चौधरी ने कहा कि बिजली विभाग और सरकार की नीतियों का खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। गांवों और कस्बों में लगातार बिजली बाधित रहने से लोगों में भारी नाराजगी है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिजली व्यवस्था को सुधारने के बजाय सरकार केवल प्रचार और दावों में व्यस्त है।

AAP नेताओं ने स्मार्ट मीटर व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए। उनका कहना था कि प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से स्मार्ट मीटरों में अधिक रीडिंग आने, तेजी से बैलेंस खत्म होने और फर्जी बिलिंग जैसी शिकायतें सामने आ रही हैं। पार्टी नेताओं ने इसे आम जनता की जेब पर अतिरिक्त बोझ बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि जब तक स्मार्ट मीटरों से जुड़ी शिकायतों का समाधान नहीं होता, तब तक लोगों का भरोसा इस व्यवस्था पर कायम नहीं हो सकता।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अघोषित बिजली कटौती पर तत्काल रोक लगाने, 24 घंटे गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने, बिजली दरों में की गई बढ़ोतरी वापस लेने, स्मार्ट मीटर और कथित फर्जी बिलिंग की उच्चस्तरीय जांच कराने तथा प्रदेशवासियों को सस्ती और भरोसेमंद बिजली उपलब्ध कराने की मांग की।

कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि जनता की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो आम आदमी पार्टी सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष को और तेज करेगी। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

अन्य खबर

मंत्री आते रहे, वादे बहते रहे… टौंस में फिर डूबा पुल, पुनः नाव के भरोसे पूरा गांव! आखिर किसका है इंतज़ार?

SB पब्लिक स्कूल में दो दिवसीय डेंटल कैंप, बच्चों को सिखाए स्वस्थ मुस्कान के गुर; दांतों की जांच के साथ जागरूकता का संदेश

OTS की टाण्डा से उठी थी मांग, चेयरमैन ने भेजा था मांगपत्र; अब सरकार ने खोला राहत का खजाना – हाउस-वॉटर टैक्स बकायेदारों को बड़ी छूट

error: Content is protected !!

We use cookies for analytics and advertising. By continuing to use this site, you consent to our use of cookies.