अम्बेडकरनगर: एसबी पब्लिक स्कूल परिसर में 22 और 23 जुलाई को सेवक मेडिकल स्टोर के नेतृत्व में डॉ. सुयश मिश्रा एवं डॉ. प्रियंका मिश्रा के तत्वावधान में दो दिवसीय डेंटल हेल्थ कैंप का आयोजन किया गया। कैंप में छात्र-छात्राओं के दांतों एवं मुख स्वास्थ्य की जांच कर उन्हें बेहतर दंत स्वच्छता अपनाने के लिए जागरूक किया गया।
कैंप के दौरान चिकित्सकों ने बच्चों को सही तरीके से ब्रश करने, दांतों और मसूड़ों की नियमित देखभाल, मुख रोगों से बचाव तथा स्वच्छता के महत्व की विस्तृत जानकारी दी। विद्यार्थियों को स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सामग्री भी वितरित की गई। दूसरे दिन भी बच्चों को दंत स्वास्थ्य से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां देते हुए उनकी समस्याओं पर चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया गया। पूरे कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला।
विद्यालय परिवार ने डॉ. सुयश मिश्रा, डॉ. प्रियंका मिश्रा एवं सेवक मेडिकल स्टोर का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे स्वास्थ्य जागरूकता अभियान बच्चों के बेहतर भविष्य और स्वस्थ जीवन के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। विद्यालय परिसर में इस तरह के आयोजन से विद्यार्थियों में स्वास्थ्य के प्रति सकारात्मक सोच विकसित होती है।
विद्यालय प्रबंधक डॉ. अंकित श्रीवास्तव ने कहा कि विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास तभी संभव है, जब शिक्षा के साथ उनके स्वास्थ्य और स्वच्छता पर भी समान रूप से ध्यान दिया जाए। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी विद्यार्थियों के हित में इस प्रकार के स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाएंगे।




