अम्बेडकरनगर जिले की सियासत और समाज को गहरा झटका देते हुए जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष राम कुमार पाल एडवोकेट का सड़क हादसे में निधन हो गया। रविवार 3 मई को टांडा–बसखारी मार्ग पर पुंथर चौराहे के पास हुए इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और प्रशासनिक लापरवाही को कठघरे में खड़ा कर दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, राम कुमार पाल किसी कार्य से जा रहे थे, तभी अचानक हुए भीषण सड़क हादसे में वे गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल मेडिकल कॉलेज सदरपुर पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया।
लखनऊ स्थित किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी में इलाज के दौरान देर रात उन्होंने दम तोड़ दिया। इस खबर के सामने आते ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों में शोक की लहर दौड़ गई।
मेडिकल कॉलेज से लेकर लखनऊ तक उनके समर्थकों और पार्टी नेताओं की भारी भीड़ उमड़ी रही। जिला अध्यक्ष कृष्ण कुमार यादव, पूर्व जिला अध्यक्ष अजय सिंह “कप्तान”, पूर्व सदस्य दुर्गा प्रसाद पांडेय, प्रवक्ता अवधेश मिश्र “बब्लू”, सहित सैकड़ों कांग्रेसजन अस्पताल पहुंचे और उनके स्वस्थ होने की कामना करते रहे, लेकिन आखिरकार जिंदगी की जंग हार गई।
राम कुमार पाल को एक जुझारू नेता और समाजसेवी के रूप में जाना जाता था। उनके निधन को कांग्रेस के लिए अपूरणीय क्षति बताया जा रहा है।
यह हादसा फिर यही सवाल छोड़ गया है कि आखिर कब तक खराब सड़कें, लापरवाह ट्रैफिक और कमजोर व्यवस्थाएं लोगों की जान लेती रहेंगी, क्या इस मौत के बाद जिम्मेदार जागेंगे या फिर अगली खबर किसी और परिवार के उजड़ने की होगी।




