अम्बेडकरनगर: टाण्डा नगर में स्थित प्राचीन जामा मस्जिद इलाके में मुख्य सड़क धंसने के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। जांच में सामने आया कि सड़क के नीचे वर्षों पुरानी पानी की मुख्य पाइपलाइन में क्रैक होने से लगातार भारी मात्रा में पानी का रिसाव हो रहा था। इसी रिसाव ने धीरे-धीरे नीचे की मिट्टी को खोखला कर दिया और पक्की सड़क अचानक धंसकर बड़े गड्ढे में तब्दील हो गई।घटना के बाद दूसरे दिन टाण्डा नगर पालिका की टीम मौके पर पहुंची और जेसीबी की मदद से खुदाई कर क्षतिग्रस्त मोटी पाइपलाइन को अस्थायी रूप से दुरुस्त किया गया। हालांकि, स्थानीय लोगों का गुस्सा शांत नहीं हुआ है। उनका आरोप है कि पाइप को “जुगाड़ तरीके” से ठीक किया गया है, स्थायी समाधान नहीं किया गया।
सबसे चिंताजनक बात यह सामने आई कि पिछले कई दिनों से इसी पाइपलाइन से पानी का रिसाव जारी था, जिसके चलते आसपास के लोगों को दूषित पानी पीने के लिए मजबूर होना पड़ रहा था। इसके बावजूद जिम्मेदार विभाग ने समय रहते कोई ठोस कदम नहीं उठाया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर पहले ही लीकेज पर ध्यान दिया जाता तो न सड़क धंसती, न लोगों की जान खतरे में पड़ती। गनीमत रही कि हादसे के वक्त कोई वाहन या राहगीर वहां मौजूद नहीं था, वरना बड़ा नुकसान तय था।
अब सवाल यह खड़ा हो गया है कि क्या नगर की पुरानी पाइपलाइनें कभी भी ऐसे ही खतरा बन सकती हैं और क्या मरम्मत के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति हो रही है।
फिलहाल वार्ड संख्या 11 के सभासद जुल्फिकार अहमद की मौजूदगी में क्षतिग्रस्त हुई पाइप लाइन की मरम्मत का काम जारी है, लेकिन लोगों के मन में डर और प्रशासन के प्रति अविश्वास दोनों साफ नजर आ रहे हैं।




