अम्बेडकरनगर: समाजवादी पार्टी में मुस्लिम रहनुमाई को मजबूत करने की कवायद के बीच हाल ही में कद्दावर नेता नसीमुद्दीन सिद्दीकी के साथ सपा में शामिल हुए पूर्व चेयरमैन हाजी कमर हयात अंसारी का जिले में ताबड़तोड़ स्वागत शुरू हो गया है। अलग-अलग इलाकों में हो रहे स्वागत कार्यक्रमों को सियासी ताकत के प्रदर्शन के रूप में भी देखा जा रहा है।

मछली गांव में बदरे आलम के आवास पर पूर्व लोकसभा प्रत्याशी हाजी कमर हयात अंसारी का ग्रामीणों ने भव्य स्वागत किया। इस मौके पर जिला पंचायत सदस्य मंजूर अहमद अंसारी समेत कई स्थानीय लोग मौजूद रहे। स्वागत कार्यक्रम में सपा की नई सियासी सक्रियता साफ नजर आई।
दूसरी ओर टांडा नगर क्षेत्र के छज्जापुर में सभासद मोहम्मद तारिक अंसारी व मोहम्मद इमरान के नेतृत्व में कमर हयात अंसारी का जोरदार स्वागत किया गया। समर्थकों ने फूल-मालाओं से लादकर उन्हें सम्मानित किया और सपा को मजबूत करने का भरोसा दिलाया।
बताया जाता है कि कमर हयात अंसारी का राजनीतिक कद पहले से ही मजबूत रहा है। उनके पिता जलालपुर के चेयरमैन रह चुके हैं, जबकि खुद कमर हयात अंसारी कई बार नगर पालिका जलालपुर के चेयरमैन रह चुके हैं।

पिछले लोकसभा चुनाव में उन्होंने बसपा के सिंबल पर अम्बेडकरनगर से चुनाव लड़कर दो लाख से अधिक मत हासिल किए थे, जिससे उनकी जनाधार क्षमता भी साबित हुई। जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में छप रहे लगातार स्वागत से प्रभावित श्री अंसारी ने धन्यवाद ज्ञापित किया है।
सियासी जानकारों का मानना है कि सपा में शामिल होने के बाद जिस तरह से कमर हयात अंसारी का स्वागत हो रहा है, वह जिले में मुस्लिम वोट बैंक की नई गोलबंदी का संकेत माना जा रहा है।








