हाईटेंशन पोल पर चढ़ी प्रेमिका, घंटों चला तमाशा, सीओ सिटी नीतीश तिवारी ने बचाई जान
अम्बेडकरनगर: अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र मंगलवार को उस वक्त “इश्क़ के हाईवोल्टेज ड्रामे” का गवाह बन गया, जब प्रेमी से शादी कराने की जिद में एक युवती सीधे हाईटेंशन बिजली के खंभे पर चढ़ गई। कसेरुआ कबीरपुर के पास हुए इस घटनाक्रम ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया। नीचे पुलिस, ऊपर प्रेमिका… और बीच में सांस रोककर तमाशा देखती सैकड़ों लोगों की भीड़।
करीब 20 वर्षीय युवती का आरोप था कि उसका प्रेमी अब उससे पीछा छुड़ा रहा है। बताया जा रहा है कि युवक पहले से शादीशुदा है, लेकिन प्रेम संबंधों के बाद अब परिवार वालों के दबाव में दूरी बना रहा था। इसी “बेवफाई” से नाराज युवती ने मौत को चुनौती देते हुए हाईटेंशन पोल पर चढ़कर ऐलान कर दिया — “शादी कराओ, नहीं तो यहीं जान दे दूंगी!”
देखते ही देखते इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस, बिजली विभाग और प्रशासनिक अमला मौके पर दौड़ पड़ा। घंटों तक युवती को नीचे उतारने की मशक्कत चलती रही, लेकिन वह किसी की सुनने को तैयार नहीं थी। हालात इतने तनावपूर्ण हो गए कि लोगों की निगाहें बस एक चूक पर टिकी थीं।
मौके पर पहुंचे सीओ सिटी नीतीश कुमार तिवारी ने मोर्चा संभाला। उन्होंने बेहद संयम और सूझबूझ के साथ युवती से बातचीत की, भरोसा दिलाया और आखिरकार उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया। पुलिस अधिकारियों की इस तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया।
सूत्रों की मानें तो प्रेम प्रसंग को लेकर दोनों परिवारों में पहले भी विवाद हो चुका था। मामला थाने तक पहुंचा और समझौते की बातें भी हुईं, लेकिन अचानक प्रेमी के “गायब” हो जाने से प्रेमिका का गुस्सा फूट पड़ा।
फिलहाल पूरे इलाके में इस “हाईवोल्टेज प्रेमकांड” की चर्चा जोरों पर है। कोई इसे प्यार में पागलपन बता रहा है तो कोई समाज और परिवारों के दबाव का नतीजा। मगर सवाल वही — क्या मोहब्बत अब जान जोखिम में डालने का दूसरा नाम बनती जा रही है।




