टाण्डा तजियादार कमेटी की सिफारिश पर लिखा पत्र
अम्बेडकरनगर जनपद के प्रभारी मंत्री एवं पंचायती राज, अल्पसंख्यक कल्याण, मुस्लिम वक्फ एवं हज मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने अधिकारियों की कार्यशैली पर कड़ा रुख अपनाते हुए विकास खंड टाण्डा के प्यारेपुर गाँव में सड़क और नाली निर्माण में हो रही देरी पर सख्त नाराजगी जताई है। मंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि एक सप्ताह के भीतर निर्माण कार्य पूरा कराया जाए, अन्यथा जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। 
मंत्री राजभर ने अपर मुख्य अधिकारी, अम्बेडकरनगर को भेजे पत्र में कहा है कि विकासखंड टांडा के ग्राम पंचायत गिरैयापुर में सड़क और नाली निर्माण का आदेश वर्ष 2024 तथा मई 2026 में भी दिया जा चुका है, लेकिन अब तक काम शुरू नहीं हो सका है। इससे ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि 16 जून से मानसून और मोहर्रम का दौर शुरू होने वाला है। ऐसे में सड़क और नाली का निर्माण न होने से ग्रामीणों की मुश्किलें कई गुना बढ़ जाएंगी। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि निर्माण कार्य में अवरोध उत्पन्न किया जा रहा है।
मंत्री ने चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि जनहित, बरसात और मोहर्रम की संवेदनशीलता को देखते हुए तत्काल प्रभाव से कार्रवाई की जाए तथा एक सप्ताह के भीतर सड़क-नाली निर्माण पूरा कराकर रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए।
बताते चलेंकि विकास खंड टाण्डा के प्यारेपुर ग्राम सभा में वर्षों से बदहाल नाली का पानी मार्गो पर जमा हो जाता है और विशेष रूप से बरसात में आवागमन काफी प्रभावित होता है, मोहर्रम पर्व के दौरान ताजिया जुलूस भी प्रभावित होता है। स्थानीय ग्रामीणों की मांग पर टाण्डा तजियादार कमेटी ने प्रभारी मंत्री ओमप्रकाश राजभर से उक्त गाँव का नाला व सड़क बनवाने की मांग किया था। टाण्डा तजियादार कमेटी की सिफारिश पर प्रभारी मंत्री श्री राजभर ने संबधित अधिकारियों को कड़ा अल्टीमेटम पत्र जारी कर एक सप्ताह में नाला व सड़क बनवा कर रिपोर्ट तलब किया है।
बहरहाल प्रभारी मंत्री श्री राजभर के इस सख्त तेवर से प्रशासनिक महकमे में हलचल मच गई है। अब देखना यह होगा कि मंत्री के अल्टीमेटम के बाद जिम्मेदार अधिकारी कितनी तेजी से हरकत में आते हैं और ग्रामीणों को राहत मिलती है या नहीं।




