अम्बेडकरनगर: जिस दिन शादी की दूसरी सालगिरह थीं, उसी दिन एक पति का शव गांव के बाहर आम के पेड़ से लटकता मिलने से परिवार में चीख-पुकार मच गई। घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया, जिसके बाद पत्नी के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
बसखारी थाना क्षेत्र के गांव में शुक्रवार सुबह लोगों ने पेड़ से युवक का शव लटकता देखा तो हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को खबर दी गई। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई।
बताया जा रहा है कि युवक की शादी 16 मई 2024 को गुड़िया उर्फ क्षमता के साथ हुई थी और शुक्रवार को दोनों की दूसरी मैरिज एनिवर्सरी थी। लेकिन सालगिरह का दिन ही मौत की खबर लेकर आया।
मृतक पक्ष ने पत्नी पर मानसिक प्रताड़ना और विवाद के आरोप लगाए हैं। तहरीर के आधार पर बसखारी पुलिस ने पत्नी गुड़िया उर्फ क्षमता के खिलाफ मुकदमा संख्या 129/26 दर्ज कर लिया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 108 और 351(3) के तहत केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
फिलहाल पुलिस आत्महत्या और अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की असली वजह साफ हो सकेगी। गांव में इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं जारी हैं।




