अम्बेडकरनगर: भीषण गर्मी के बीच नगर पंचायत अशरफपुर किछौछा में जनसुविधा को लेकर बड़ा कदम उठाते हुए चेयरमैन ओमकार गुप्ता ने करीब 15 लाख रुपये की लागत से तीन आरओ वाटर कूलर लगवाकर लोगों को ठंडे पानी की राहत दी है। 15वें वित्त आयोग योजना के तहत लगाए गए इन कूलरों का लोकार्पण स्वयं अध्यक्ष ने किया, जिसे क्षेत्र में सीधे तौर पर जनहित से जोड़कर देखा जा रहा है।
अध्यक्ष ओमकार गुप्ता ने दावा किया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जनकल्याणकारी नीति के मॉडल पर नगर पंचायत अशरफपुर किछौछा में आमजनों को हर सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि किछौछा में विकास कार्यों की यह रफ्तार बताती है कि नगर पंचायत प्रशासन गर्मी में जनता की जरूरतों को लेकर गंभीर है।
नगर क्षेत्र के किछौछा पहला मोड़ (दुर्गा मंदिर के पास), सरदार नगर और वार्ड-6 बसखारी थाना के बगल लगाए गए आरओ वाटर कूलरों से राहगीरों, दुकानदारों और स्थानीय निवासियों को शुद्ध व ठंडा पेयजल मिलेगा। भीषण गर्मी में यह व्यवस्था आमजन के लिए बड़ी राहत मानी जा रही है।
लोकार्पण के दौरान बसखारी थाना प्रभारी सुनील कुमार पांडेय मौजूद रहे। सभासद सुभाष निषाद, दस्तगीर अहमद, मयाराम, लालमन, प्रदीप कुमार सहित अन्य जनप्रतिनिधि और नागरिक भी मौके पर उपस्थित रहे।
क्षेत्रवासियों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह कदम सिर्फ सुविधा नहीं, बल्कि गर्मी में राहत का ठोस इंतजाम है, और नगर पंचायत अध्यक्ष की सक्रियता का सीधा संदेश भी है।








