अम्बेडकरनगर। कटका थाना क्षेत्र के माधवपुर दिघौटा गांव में शनिवार शाम शारदा सहायक नहर में नहाने गए एक किशोर की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, वहीं पूरे गांव में मातम का माहौल है।
जानकारी के अनुसार माधवपुर दिघौटा निवासी 14 वर्षीय बिहारी लाल पुत्र बरखुराम गांव के कुछ साथियों के साथ शनिवार शाम शारदा सहायक नहर में नहाने गया था। नहाने के दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते डूबने लगा। साथ मौजूद किशोरों ने शोर मचाया, लेकिन तब तक वह पानी में लापता हो चुका था।
काफी देर तक घर वापस न लौटने पर परिजनों की चिंता बढ़ गई। ग्रामीणों के सहयोग से उसकी तलाश शुरू की गई। काफी खोजबीन के बाद किशोर का शव माधवपुर जाने वाली छोटी नहर के पास पानी में उतराता मिला। शव मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
सूचना पर पहुंची कटका पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी अवधेश श्रीवास्तव ने बताया कि मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।




