अम्बेडकरनगर: विधानसभा क्षेत्र टांडा के ग्राम कोड़रा में मंगलवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई जब मेंथा ऑयल निकालने के दौरान मशीन की टंकी अचानक तेज धमाके के साथ फट गई। हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें दो की हालत चिंताजनक बताई जा रही है। 
जानकारी के अनुसार कोड़रा गांव में खेत पर मेंथा ऑयल की पेराई का कार्य चल रहा था। इसी दौरान मशीन की टंकी में अचानक दबाव बढ़ने से जोरदार विस्फोट हो गया। धमाका इतना तेज था कि आसपास मौजूद लोग सहम गए और मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
हादसे में एक ही परिवार के राम उजागिर वर्मा, राम पती वर्मा और सुदीप वर्मा घायल हो गए। सभी को तत्काल इलाज के लिए महामाया मेडिकल कॉलेज, सद्दरपुर पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद राम उजागिर वर्मा और राम पती वर्मा की गंभीर हालत को देखते हुए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही टांडा विधायक राममूर्ति वर्मा मेडिकल कॉलेज पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। उन्होंने चिकित्सकों से बातचीत कर बेहतर और शीघ्र उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। विधायक ने कहा कि वे घायलों के स्वास्थ्य पर लगातार नजर बनाए हुए हैं तथा उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हैं। ग्रामीणों के अनुसार हादसा तकनीकी खराबी अथवा अत्यधिक दबाव के कारण हुआ हो सकता है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और लोग सुरक्षा मानकों को लेकर सवाल उठा रहे हैं।




