WhatsApp Icon

चौकी के पास दिनदहाड़े दुस्साहस: कपड़ा व्यापारियों पर फायरिंग, 17 लाख लूटकर स्विफ्ट सवार बदमाश फरार

Sharing Is Caring:

अम्बेडकरनगर। जहांगीरगंज थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह बिडहर घाट पुल के पास दिनदहाड़े हुई लूट की वारदात ने पुलिस व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए। कार सवार बदमाशों ने दो कपड़ा व्यापारियों को रोककर मारपीट की, फायरिंग की और करीब 17 लाख रुपये लूटकर फरार हो गए। हैरानी की बात यह रही कि घटना बिडहर पुलिस चौकी के पास ही हुई, लेकिन मौके पर कोई पुलिसकर्मी मौजूद नहीं था।

जानकारी के मुताबिक नेवारी दुराजपुर निवासी मो. रईस कपड़े का बड़ा कारोबार करते हैं। शनिवार को वे बिहार से बिक्री की वसूली लेकर ट्रेन से खलीलाबाद पहुंचे थे। वहां से वे मुंडेरा, थाना हंसवर निवासी अपने मित्र मो. जलाल के साथ बाइक से घर लौट रहे थे।

सुबह करीब 7:30 बजे दोनों जहांगीरगंज थाना क्षेत्र के बिडहर घाट पुल के पास पहुंचे ही थे कि स्विफ्ट डिजायर कार में सवार तीन बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। बदमाशों ने असलहे के बट से हमला कर दोनों को घायल कर दिया। इसी दौरान बदमाशों ने मो. रईस पर फायर भी किया, लेकिन गोली उनके पैर के पास से निकल गई, जिससे वे बाल-बाल बच गए।

इसके बाद बदमाशों ने मो. रईस के पास रखे करीब 13 लाख रुपये और मो. जलाल के पास मौजूद लगभग 3 लाख 90 हजार रुपये नकद लूट लिए। साथ ही बैग में रखा चेकबुक भी लेकर फरार हो गए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी हंसवर की दिशा में भाग निकले।

बताया जा रहा है कि घटना स्थल बिडहर पुलिस चौकी से महज कुछ दूरी पर है, लेकिन उस समय चौकी पर कोई पुलिसकर्मी मौजूद नहीं था। स्थानीय लोगों का कहना है कि चौकी खाली रहने से बदमाशों के हौसले बुलंद रहे और वे आराम से वारदात को अंजाम देकर निकल गए।

सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक हरेंद्र, डिप्टी एसपी प्रदीप सिंह चंदेल समेत पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और संदिग्ध वाहनों की तलाश की जा रही है। अधिकारियों ने जल्द खुलासे का दावा किया है।

अन्य खबर

राष्ट्रीय लोक अदालत में 1.41 लाख से अधिक वादों का निस्तारण, करोड़ों के विवाद सुलझे

82 लाख के जगदेव बाबा सद्भावना हाल का भव्य लोकार्पण, गरीब परिवारों को मिलेगी बड़ी राहत

हज यात्रियों की ECG जांच में महिलाओं की निजता पर सवाल! पुरुष टेक्नीशियन के सामने कपड़े हटाने की मजबूरी, शिकायत पर CMS ने तुरंत लिया संज्ञान

error: Content is protected !!