अम्बेडकरनगर। जलालपुर तहसील में व्याप्त गहरे भ्रष्टाचार, विभिन्न पटलों पर तैनात कर्मचारियों की मनमानी और अधिवक्ताओं के प्रति लगातार बढ़ते प्रतिकूल व अमर्यादित व्यवहार को लेकर अब अधिवक्ताओं का सब्र जवाब दे गया है। प्रशासनिक उदासीनता से आक्रोशित जलालपुर बार एसोसिएशन ने तहसील प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार का ऐलान कर दिया है।
बार एसोसिएशन अध्यक्ष कृपा शंकर मौर्य के नेतृत्व में बीते तीन दिनों से उपजिला अधिकारी, तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार न्यायालयों सहित तहसील के सभी पटलों के कार्यों का पूर्ण बहिष्कार किया जा रहा है। इसके चलते तहसील का समस्त न्यायिक व राजस्व कार्य पूरी तरह ठप हो गया है, जिससे आमजन को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
बार अध्यक्ष कृपा शंकर मौर्य ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि तहसील में भ्रष्टाचार अब संगठित व्यवस्था का रूप ले चुका है। विभिन्न पटलों पर बिना लेन-देन के कोई कार्य नहीं होता और अधिवक्ताओं के साथ अमर्यादित व प्रतिकूल व्यवहार आम बात बन गई है। उन्होंने कहा कि इन सबके बावजूद उपजिला अधिकारी द्वारा लगातार आंखें मूंदे रखना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है।
उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जब तक उपजिला अधिकारी स्वयं बार एसोसिएशन के समक्ष बैठकर संयुक्त वार्ता नहीं करते और समस्याओं के समाधान का ठोस व लिखित आश्वासन नहीं देते, तब तक यह कार्य बहिष्कार अनिश्चितकाल तक जारी रहेगा।
उल्लेखनीय है कि तीन दिन बीत जाने के बावजूद उपजिलाधिकारी द्वारा बार एसोसिएशन से कोई संवाद न किए जाने से उनकी कार्यशैली पर भी सवाल उठने लगे हैं। बार एसोसिएशन ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते तहसील प्रशासन ने इस मामले में संज्ञान नहीं लिया, तो वे धरना-प्रदर्शन और उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी तहसील प्रशासन की होगी।








