धार्मिक स्थलों या रंग से परहेज़ करने वाले लोगों पर जबरन रंग डालने की घटनाओं को रोकने के लिए बरती जा रही है अतिरिक्त सतर्कता
अम्बेडकरनगर: होली पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने के लिए जनपद में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू कर दी गई है। 02/03 मार्च की रात्रि में होलिका दहन तथा 04 मार्च को रंगभरी होली के मद्देनज़र प्रशासन ने पूरे जिले को पाँच जोनों में विभाजित कर जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेट के साथ समकक्ष पुलिस अधिकारियों की तैनाती कर दी है।
जनपद की मिश्रित आबादी को देखते हुए टाण्डा, अकबरपुर, शहजादपुर, जलालपुर, नागपुर, इल्तिफातगंज, किछौछा, करिया बसहारी, हंसवर, भुलेपुर व मिझौड़ा सहित कई क्षेत्रों को संवेदनशील श्रेणी में चिन्हित किया गया है। होलिका दहन के दौरान लकड़ी या छप्पर जबरन उठाने, कीचड़ व पेंट फेंकने, अश्लील गीत बजाने या महिलाओं से अभद्रता जैसी हरकतों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। विशेष रूप से धार्मिक स्थलों या रंग से परहेज़ करने वाले लोगों पर जबरन रंग डालने की घटनाओं को रोकने के लिए अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है।
इसी क्रम में जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला एवं पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर शंकर ने दलबल के साथ टाण्डा नगर क्षेत्र में पदमार्च कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। अधिकारियों ने बाजारों, प्रमुख चौराहों और संवेदनशील मार्गों पर पैदल गश्त कर आमजन को यह भरोसा दिलाया कि त्योहार के दौरान शांति व्यवस्था से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उक्त मौके पर टाण्डा एसडीएम डॉ शशिशेखर, सीओ शुभम कुमार, टाण्डा कोतवाल दीपक सिंह रघुवंशी, अलीगंज थाना प्रभारी भूपेंद्र सिंह, टाण्डा तहसीलदार आदि मौजूद रहे।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अफवाह फैलाने, हुड़दंग मचाने या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। सभी जोनल व सेक्टर अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमणशील रहकर होलिका दहन स्थलों, जुलूस मार्गों एवं अन्य संवेदनशील बिंदुओं पर पर्याप्त पुलिस बल के साथ निगरानी सुनिश्चित करेंगे। नियंत्रण कक्ष को भी सक्रिय कर त्वरित प्रतिक्रिया की व्यवस्था की गई है।
जनपदवासियों से अपील की गई है कि वे होली का पर्व भाईचारे और शांति के साथ मनाएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल प्रशासन को दें।





