WhatsApp Icon

अकबर वकील के खिलाफ उनकी पत्नी ने दर्ज कराया मुकदमा! FIR को लेकर टाण्डा बार एसोसिएशन में उबाल! आंदोलन की चेतावनी

Sharing Is Caring:

अम्बेडकरनगर। टाण्डा बार एसोसिएशन ने अपने सदस्य अधिवक्ता के खिलाफ हंसवर थाने में दर्ज एफआईआर को लेकर कड़ा रुख अपनाया है। एसोसिएशन ने उपजिलाधिकारी टाण्डा के माध्यम से उच्चाधिकारियों को ज्ञापन भेजकर मुकदमे को निरस्त यानी FIR Quashing किए जाने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि मामले में शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो अधिवक्ता संघ आंदोलन के लिए बाध्य होगा।

टाण्डा बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अभिमन्यु यादव एडवोकेट तथा महामंत्री पारसनाथ प्रजापति समेत पदाधिकारियों की ओर से मंगलवार को टाण्डा एसडीएम को दिए गए ज्ञापन में कहा गया है कि संघ के सदस्य मोहम्मद अकबर एडवोकेट के विरुद्ध थाना हंसवर, तहसील भियांव, जनपद अम्बेडकरनगर में FIR संख्या 0130/26 दर्ज की गई है। ज्ञापन के अनुसार एफआईआर में धारा 78(2) और 351(3) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

वैवाहिक विवाद से जुड़ा है मामला

बताते चलेंकि अधिवक्ता मोहम्मद अकबर का उनकी पत्नी तरन्नुम खातून के साथ काफी समय से वैवाहिक विवाद विभिन्न न्यायालयों में विचाराधीन है। बार एसोसिएशन का आरोप है कि इसी विवाद के बीच अधिवक्ता के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया गया है।

एसोसिएशन ने एफआईआर में दर्ज घटना की तारीख 15 सितंबर और समय को लेकर भी सवाल उठाए हैं। ज्ञापन में कहा गया है कि एफआईआर में घटना का समय ‘NIL’ दर्शाया गया है, जबकि उसी दिन मोहम्मद अकबर टाण्डा तहसील में न्यायालयों में अपने अधिवक्ता संबंधी कार्य में मौजूद थे।
बार एसोसिएशन का दावा है कि 15 सितंबर को अधिवक्ता का हंसवर गांव या उसके आसपास जाना ही नहीं हुआ था। इसी आधार पर संघ ने एफआईआर में लगाए गए आरोपों को गलत बताते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और मुकदमे को निरस्त किए जाने की मांग उठाई है।

अधिवक्ता अकबर पर उनकी पत्नी ने लगाया गंभीर आरोप

टाण्डा नगर निवासी अधिवक्ता मो.अकबर की पत्नी ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनके पति ने उन्हें तीन तलाक दिया हुआ है और गत 15 सितंबर को जब बाजार में थी तो मो.अकबर मोबाइल नंबर मांगने लगा और छेड़छाड़ कर परेशान करने लगा था तथा जान से मारने की धमकी व तेज़ाब फेंकने की भी धमकी देने लगा था। उक्त मामले में हंसवर पुलिस ने प्राप्त तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर लिया।

अधिवक्ता ने साजिशन मुकदमा दर्ज करने का लगाया आरोप

ज्ञापन में बार एसोसिएशन ने आरोप लगाया है कि घटना को लेकर एफआईआर में लगाए गए आरोप निराधार एवं फर्जी हैं और अधिवक्ता को परेशान करने के लिए साजिश के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया है। हालांकि ये आरोप बार एसोसिएशन की ओर से लगाए गए हैं, इनकी स्वतंत्र पुष्टि अभी सामने नहीं आई है।

संघ का कहना है कि एक अधिवक्ता के विरुद्ध इस प्रकार मुकदमा दर्ज होने से अधिवक्ता समुदाय में रोष है और मामले को गंभीरता से लिया जाना चाहिए।

FIR निरस्त नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी

बार एसोसिएशन ने अधिकारियों से मांग की है कि FIR संख्या 0130/2026 दिनांक 19 सितंबर 2026, थाना हंसवर को तत्काल निरस्त कराया जाए। ज्ञापन में स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि यदि मामले में शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई और एफआईआर निरस्त नहीं की गई तो टाण्डा अधिवक्ता संघ आंदोलन के लिए बाध्य होगा।ज्ञापन पर अध्यक्ष अभिमन्यु यादव, महामंत्री पारसनाथ प्रजापति समेत संघ के अन्य पदाधिकारियों के हस्ताक्षर हैं।

अब मामला एफआईआर के आरोपों, घटना की तारीख और अधिवक्ता की कथित मौजूदगी के दावे की जांच पर टिका है। अधिकारियों की जांच और पुलिस की विवेचना के बाद ही आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

अन्य खबर

अल्पसंख्यक आयोग की सदस्य नेहा खान का प्रथम गृह जनपद आगमन कल

गोकशी-गो तस्करी पर एसपी का बड़ा वार! 5 थानों में एक साथ कार्रवाई, 41 के खिलाफ चला पुलिस का शिकंजा

डिजिटल भुगतान पर ‘चार्ज’ की तैयारी से भड़की कांग्रेस! जलालपुर तहसील में धरना, सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी

error: Content is protected !!