WhatsApp Icon

दिनदहाड़े खजूरी बाजार में चली गोली! दुकान पर बैठे युवक को मारी गोली, SP पहुंचीं मौके पर; तीन नामजद समेत चार पर केस

Sharing Is Caring:

अम्बेडकरनगर। मालीपुर थाना क्षेत्र के खजूरी बाजार में मंगलवार दोपहर दिनदहाड़े हुई फायरिंग से इलाके में सनसनी फैल गई। खाद लेने आए एक युवक को कार से पहुंचे हमलावरों ने कथित रूप से गाली-गलौज के बाद गोली मार दी। गोली पैर में लगते ही युवक जान बचाने के लिए गांव की ओर भागा, जबकि हमलावर मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं।

जानकारी के अनुसार हाजीपुर निवासी अतुल कुमार यादव पुत्र अरुण कुमार यादव मंगलवार दोपहर खजूरी बाजार खाद लेने पहुंचे थे। खाद की दुकान पर भीड़ होने के कारण वह पास की चाय-समोसे की दुकान पर बैठकर नाश्ता कर रहे थे। आरोप है कि करीब 12:20 बजे एक कार से मंसूरपुर निवासी छोटू उर्फ दुर्गेश, आदित्य सिंह तथा तहापुर निवासी आलोक मिश्रा वहां पहुंचे और उतरते ही गाली-गलौज शुरू कर दी। इसी दौरान आरोपियों ने पिस्टल से फायर कर दिया।

गोली अतुल के घुटने के पास लगी। घायल युवक किसी तरह जान बचाकर गांव की ओर भागा। फायरिंग की आवाज से पूरे बाजार में अफरा-तफरी मच गई। लोगों की भीड़ जुटती देख हमलावर कार से फरार हो गए। बताया जा रहा है कि कार चालक की पहचान अभी नहीं हो सकी है।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जलालपुर पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

स्थानीय लोगों के अनुसार घायल और आरोपी पहले आपस में मित्र थे, लेकिन किसी पुराने विवाद को लेकर दोनों पक्षों में रंजिश चल रही थी। पुलिस फिलहाल पुरानी दुश्मनी समेत सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।

थानाध्यक्ष शशांक कुमार शुक्ला ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

उधर, पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद मालीपुर थाने पहुंचकर अधिकारियों से पूरे मामले की जानकारी ली और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित करने के निर्देश दिए।

घायल युवक की मां चंद्रिका देवी पत्नी अरुण कुमार यादव की तहरीर पर पुलिस ने तीन नामजद और एक अज्ञात आरोपी के खिलाफ अवैध हथियार से गोली मारकर घायल करने सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

अन्य खबर

हज पर जाना है तो पहले कराएं मेडिकल! जिला अस्पताल में शुरू हुआ फिटनेस सर्टिफिकेट की प्रक्रिया, जानिए डिटेल

अल्पसंख्यक आयोग में अम्बेडकरनगर की नेहा खातून की एंट्री! मोहसिन रजा को अध्यक्ष, नेहा को मिली बड़ी जिम्मेदारी

दुकान के सामने से बाइक उड़ाकर चोर फरार, 24 घंटे बाद भी नहीं मिला सुराग, पुलिस से लगाई गुहार

error: Content is protected !!