अम्बेडकरनगर: उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ (शर्मा गुट) के बैनर तले जनपद के शिक्षकों ने प्रदेशीय नेतृत्व के आह्वान पर शनिवार को जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) कार्यालय परिसर में एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान शिक्षकों ने विभिन्न लंबित मांगों को लेकर प्रशासन के खिलाफ अपनी आवाज मुखर की।
प्रदर्शन के दौरान शिक्षकों ने चयन बोर्ड अधिनियम की धारा 18 एवं 21 की वापसी, वित्तविहीन शिक्षकों के लिए “समान कार्य के लिए समान वेतन”, तदर्थ शिक्षकों के विनियमितीकरण तथा व्यावसायिक शिक्षकों को पूर्णकालिक दर्जा देने सहित कुल छह प्रमुख प्रदेश स्तरीय मांगों को उठाया। इसके अलावा जनपद स्तर की 11 समस्याओं, जिनमें एनपीएस कटौती राशि का अद्यतन अंतरण भी शामिल है, को लेकर भी ज्ञापन सौंपा गया।
धरने को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष डॉ. विजय कुमार वर्मा ने कहा कि संगठन शिक्षक हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और किसी भी प्रकार का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने शिक्षकों की एकता को संगठन की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए कहा कि पूर्व में भी सामूहिक प्रयासों से लंबित एरियर सहित कई समस्याओं का समाधान संभव हुआ है।
कार्यक्रम के दौरान मंच से शिक्षकों को संगठनात्मक एकजुटता बनाए रखने का संदेश भी दिया गया। वक्ताओं ने स्पष्ट किया कि अधिकारों की प्राप्ति के लिए संघर्ष में समान भागीदारी आवश्यक है।
जिलामंत्री श्रीप्रकाश त्रिपाठी ने संगठन की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए युवा शिक्षकों से सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया। वहीं, कोषाध्यक्ष श्याम मोहन पटेल ने कहा कि संगठित प्रयासों से ही जटिल समस्याओं का समाधान संभव है।
धरना-प्रदर्शन का संचालन जिलामंत्री श्रीप्रकाश त्रिपाठी ने किया। इस अवसर पर अवनीश तिवारी, आनंद दूबे, सभाजीत वर्मा, कमलेश वर्मा, डॉ. विपिन तिवारी, संदीप वर्मा, सत्येंद्र मिश्रा सहित बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे।




