पुलिस-प्रशासन की संयुक्त बैठक: शांति व सम्मान के साथ मनाएं बाबा साहब की जयंती — डीएम
अफवाह या भ्रामक खबर फैलाने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की एसपी ने दी कड़ी चेतावनी
अम्बेडकरनगर। आगामी 14 अप्रैल को भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती को शांतिपूर्ण एवं गरिमामय ढंग से मनाने के लिए पुलिस और प्रशासन ने संयुक्त रूप से तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में महामाया राजकीय एलोपैथिक मेडिकल कॉलेज, सदरपुर में आयोजित बैठक में अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि कार्यक्रम पूरी अनुशासन और सतर्कता के साथ संपन्न कराए जाएं।
जिलाधिकारी ने कहा कि अंबेडकर जयंती सामाजिक समरसता और सम्मान का पर्व है, इसे शांति और सौहार्द के साथ मनाया जाए। उन्होंने 13 अप्रैल को विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश देते हुए सभी प्रतिमा स्थलों की साफ-सफाई, रंगाई-पुताई तथा आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा।बैठक में यह भी तय किया गया कि बिना अनुमति नई प्रतिमा की स्थापना या नई परंपरा शुरू नहीं की जाएगी। जुलूस केवल पूर्व निर्धारित मार्गों से ही निकाले जाएंगे और उनके सुचारू संचालन के लिए ग्राम प्रधानों को पुलिस-प्रशासन के साथ समन्वय बनाने को कहा गया। कानून-व्यवस्था को लेकर डीएम ने पुलिस अधिकारियों को अराजक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने और आवश्यकतानुसार सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही प्रत्येक प्रतिमा स्थल पर “मूर्ति सुरक्षा समिति” गठित कर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, जरूरत पड़ने पर सीसीटीवी कैमरे लगाने और पंचायत भवन स्तर पर कंट्रोल रूम विकसित करने की बात कही गई।
पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और सोशल मीडिया पर अपुष्ट जानकारी साझा करने से बचें। पुलिस अधीक्षक की ओर से चेतावनी दी गई कि अफवाह या भ्रामक खबर फैलाने वालों के खिलाफ कठोर विधिक कार्रवाई की जाएगी। बैठक में अधिकारियों ने जनपदवासियों से बाबा साहब की जयंती को शांति, सम्मान और भाईचारे के साथ मनाने की अपील की, ताकि कार्यक्रम सकुशल संपन्न हो सके।








