अम्बेडकरनगर (रिपोर्ट: आलम खान एडिटर – मान्यता प्राप्त) आगामी त्योहारों को लेकर जनपद प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद दिखाई दे रहा है। शांति, सुरक्षा और आपसी सौहार्द बनाए रखने के उद्देश्य से शनिवार को जिलाधिकारी ईशा प्रिया एवं पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह ने तहसील टांडा क्षेत्र के अलीगंज थाना अंतर्गत तलवापार/हंस तिराहे पर स्थित मस्जिद, ईदगाह और आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, विद्युत आपूर्ति, आवागमन तथा भीड़ नियंत्रण से जुड़ी व्यवस्थाओं को बारीकी से परखा। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को स्पष्ट निर्देश दिए कि त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही या अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी व्यवस्थाएं समय से दुरुस्त कर ली जाएं।
जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने कहा कि त्योहार सामाजिक एकता, भाईचारे और सौहार्द का संदेश देते हैं। ऐसे में सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें ताकि आमजन सुरक्षित और शांतिपूर्ण माहौल में पर्व मना सकें। वहीं पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह ने संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरतने, नियमित गश्त बढ़ाने तथा हर गतिविधि पर पैनी नजर रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी से क्षेत्र में सुरक्षा का मजबूत संदेश गया। मौके पर प्रशिक्षु आईएएस थनीगईयरसन टी, उपजिलाधिकारी टांडा, क्षेत्राधिकारी टांडा, थाना प्रभारी अलीगंज समेत कई विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
त्योहारों से पहले प्रशासन की यह सक्रियता आमजन में भरोसा पैदा कर रही है और साफ संकेत दे रही है कि कानून व्यवस्था को लेकर प्रशासन किसी भी स्तर पर ढिलाई के मूड में नहीं है।




