अम्बेडकरनगर: साइबर अपराध के खिलाफ लोगों को लगातार जागरूक करने वाला पत्रकार ही साइबर ठगों के जाल में फँस गया। जनपद मुख्यालय के मीरानपुर अकबरपुर निवासी पत्रकार वीरेंद्र कुमार मिश्रा से ठगों ने पुलिस की फोटो लगी व्हाट्सएप प्रोफाइल के जरिए संपर्क कर बेटे को हिरासत में लेने और हाथ-पैर तोड़ने की धमकी देकर पैसे ऐंठ लिए।
पीड़ित के अनुसार 7085861546 नंबर से व्हाट्सएप कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए कहा कि उनका बेटा मुंबई में गलत काम में पकड़ा गया है। भय का माहौल बनाने के लिए ठगों ने बेटे से बात कराने का नाटक किया, जिससे मामला पूरी तरह सच प्रतीत हुआ।
बेटे को छोड़ने के बदले 70 हजार रुपये की मांग की गई। खाते में पर्याप्त धनराशि न होने के कारण पीड़ित ने मजबूरी में दो हजार ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए। कुछ देर बाद जब उन्होंने स्वयं अपने बेटे से बात की तो पता चला कि बेटा पूरी तरह सुरक्षित है और उसके साथ कोई घटना नहीं हुई है। इसके बाद यह स्पष्ट हुआ कि पूरा मामला सुनियोजित साइबर ठगी का था।
घटना के बाद पीड़ित पत्रकार वीरेंद्र मिश्रा ने 1930 साइबर हेल्पलाइन और स्थानीय साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराते हुए संबंधित नंबर के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
बहरहाल सिस्टम से आगे चल रहे साइबर ठग बेखौफ हो गए हैं और पत्रकार को भी निशाना बनाने से नहीं चूक रहे हैं,अब देखने वाली बात होगी कि साइबर विभाग उन ठगों पर लय कार्यवाही करता है।








