अम्बेडकरनगर: अकबरपुर–जलालपुर मार्ग पर गत रविवार रात हुए दिल दहला देने वाले सड़क हादसे में आखिरकार पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मौत बनकर दौड़ी कार के चालक को गिरफ्तार कर लिया है। इस भीषण हादसे में 08 लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई थी, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी।
बताया जाता है कि अशरफपुर भुवा के पास दो बाइकों की टक्कर के बाद कुछ लोग घायलों की मदद कर रहे थे। तभी तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार ने सड़क किनारे खड़े लोगों को बेरहमी से कुचल दिया। पल भर में मददगार ही मौत का शिकार बन गए—चारों ओर चीख-पुकार और खून से लथपथ मंजर ने हर किसी को झकझोर दिया।
घटना के बाद पुलिस ने मृतकों के परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश तेज कर दी थी। कार्रवाई करते हुए पुलिस ने विशाल विश्वकर्मा पुत्र सुरेश विश्वकर्मा, निवासी चितई पट्टी थाना कटका, को मुखबिर की सूचना पर जलालपुर–मालीपुर रोड स्थित पेट्रोल पंप के पास से गिरफ्तार कर लिया।
कोतवाली प्रभारी अजय प्रताप सिंह यादव के अनुसार, आरोपी को विधिक कार्रवाई पूरी कर न्यायालय भेज दिया गया है।
बहरहाल सवाल ये पैदा होता है कि आखिर कब थमेगी सड़कों पर मौत की ये रफ्तार, और क्या लापरवाह ड्राइविंग पर लग पाएगा अंकुश या यूं ही उजड़ती रहेंगी जिंदगियां।




