अम्बेडकरनगर जनपद में बाइक चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब वे दिनदहाड़े वारदात को अंजाम देकर आराम से फरार हो जा रहे हैं। ताजा मामला कोतवाली टांडा क्षेत्र से सामने आया है, जहां एक युवक की बाइक चोरी की पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई—लेकिन चोर फिर भी पकड़ से बाहर है।
मोहल्ला सकरावल निवासी कमर अहमद पुत्र रियाज अहमद ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि गत 25 अप्रैल को करीब 1:25 बजे वह अपनी लाल रंग की ग्लेमर बाइक (नंबर: यूपी 45 आर 9322) को सकरावल बरिया स्थित अपने पावरलूम कारखाने के बाहर खड़ी कर अंदर चला गया।
पीड़ित का दावा है कि उसने तुरंत पुलिस को सूचना देकर लिखित तहरीर सौंपी, लेकिन सवाल यह उठता है कि जब चोरी की पूरी घटना कैमरे में कैद है, तो आखिर चोर अब तक पुलिस की पकड़ से दूर क्यों है।
स्थानीय लोगों में बढ़ती चोरियों को लेकर जबरदस्त आक्रोश है। उनका कहना है कि इलाके में गश्त नाम मात्र की रह गई है, जिससे चोरों के हौसले बुलंद हो रहे हैं। लोगों ने पुलिस प्रशासन से सख्त कार्रवाई, नियमित गश्त और जल्द गिरफ्तारी की मांग की है, वरना हालात और बिगड़ सकते हैं।




