WhatsApp Icon

भट्ठे की चिंगारी से भड़की आग, सरसों के भूसे ने पकड़ी लपट—गेहूं की फसल बचाने दौड़े किसान, मचा हड़कंप

Sharing Is Caring:

अम्बेडकरनगर: जलालपुर कोतवाली क्षेत्र के मांगुरा डीला सरैया स्थित एक ईंट भट्ठे पर शुक्रवार को भट्ठे से निकली चिंगारी ने अचानक आग का रूप ले लिया। चिंगारी सरसों के भूसे पर गिरते ही देखते-देखते लपटें उठने लगीं, जिससे भट्ठा परिसर और आसपास के किसानों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मांगुरा डीला सरैया गांव में राकेश कुमार वर्मा के ईंट भट्ठे पर ईंट पकाने के लिए कोयला डाला जा रहा था। इसी दौरान भट्ठे से निकली चिंगारी परिसर में रखे सरसों के भूसे पर गिर गई, जिससे आग भड़क उठी। कुछ ही देर में आग फैलने लगी और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
भट्ठा परिसर के आसपास किसानों द्वारा गेहूं की फसल काटकर खेतों में रखी गई थी। आग लगने की खबर मिलते ही किसानों में भगदड़ मच गई। कई किसान तत्काल अपने खेतों की ओर दौड़े और कटे हुए गेहूं को ट्रैक्टर-ट्रॉली में लादकर सुरक्षित स्थानों पर ले जाने लगे।
घटना की सूचना मिलते ही भट्ठा मालिक और स्थानीय किसानों ने फायर विभाग तथा जलालपुर कोतवाली पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड और पुलिस टीम ने काफी प्रयास के बाद सरसों के भूसे में लगी आग को बुझाने में सफलता प्राप्त की। समय रहते आग पर काबू पा लेने से बड़ा नुकसान टल गया।
आग बुझने के बाद जहां भट्ठा मालिक ने राहत की सांस ली, वहीं आसपास के किसानों ने भी संभावित बड़े नुकसान से बचने पर संतोष जताया। अधिकारियों ने भी गर्मी के मौसम में भट्ठों और खेतों के आसपास ज्वलनशील सामग्री रखने में सावधानी बरतने की अपील की है।

अन्य खबर

राष्ट्रीय लोक अदालत में 1.41 लाख से अधिक वादों का निस्तारण, करोड़ों के विवाद सुलझे

82 लाख के जगदेव बाबा सद्भावना हाल का भव्य लोकार्पण, गरीब परिवारों को मिलेगी बड़ी राहत

हज यात्रियों की ECG जांच में महिलाओं की निजता पर सवाल! पुरुष टेक्नीशियन के सामने कपड़े हटाने की मजबूरी, शिकायत पर CMS ने तुरंत लिया संज्ञान

error: Content is protected !!