अम्बेडकरनगर जनपद में 14 अप्रैल 2026 को भारत रत्न डॉ. भीमराव रामजी आंबेडकर की जयंती पूरे श्रद्धा, उल्लास और गरिमा के साथ मनाई गई। जनपद के विभिन्न संस्थानों, सरकारी कार्यालयों, शैक्षणिक परिसरों और सामाजिक संगठनों द्वारा अनेक कार्यक्रम आयोजित कर बाबा साहेब के विचारों को स्मरण किया गया।

महामाया मेडिकल कॉलेज के सरदार वल्लभभाई पटेल प्रेक्षागृह में जयंती समारोह बड़े धूमधाम से आयोजित हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ बाबा साहेब के चित्र पर माल्यार्पण के साथ किया गया, जिसके बाद छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से उनके जीवन, संघर्ष और उपलब्धियों को प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अमित पटेल, चीफ प्रॉक्टर डॉ. प्रमोद यादव और प्रोफेसर मेडिसिन डॉ. मुकेश राणा सहित अन्य संकाय सदस्यों ने अपने विचार रखे। कार्यक्रम में केक काटकर भी जयंती का उत्सव मनाया गया।

वहीं NTPC Tanda में बाबा साहेब की 135वीं जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। सरगम ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में कार्यकारी निदेशक जयदेव परिदा और गरिमा महिला मंडल की अध्यक्षा संघमित्रा परिदा सहित अन्य अतिथियों ने माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
विद्यार्थियों द्वारा बुद्ध वंदना, नृत्य एवं नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से बाबा साहेब के संघर्ष और संवैधानिक अधिकारों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया। इस दौरान प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया तथा सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत ग्रामीणों को 250 मच्छरदानियां और छात्रों को 125 बैग एवं अध्ययन सामग्री वितरित की गई। “वॉक फॉर इक्वलिटी” का आयोजन भी आकर्षण का केंद्र रहा।

जनपद पुलिस कार्यालय में पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह द्वारा बाबा साहेब को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब का जीवन समानता, न्याय और मानवाधिकारों की स्थापना का प्रेरणास्रोत है तथा सभी को उनके आदर्शों को अपनाकर कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करना चाहिए। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक श्याम देव, हरेंद्र कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

जिला मुख्यालय पर जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला एवं अपर जिलाधिकारी ज्योत्स्ना बंधु द्वारा कलेक्ट्रेट में बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया गया। इसके उपरांत आयोजित विचार गोष्ठी में अधिकारियों ने उनके आदर्शों को समाज में लागू करने और जनसेवा में समर्पित रहने का आह्वान किया। जनपद के अन्य शासकीय कार्यालयों, विद्यालयों और संस्थानों में भी गोष्ठियां, साफ-सफाई अभियान और सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए गए।

इसी क्रम में टाण्डा नगर के ताज टाकीज चौराहे पर स्थित बाबा साहेब की प्रतिमा पर शोषित समाज के लोगों के साथ सांसद लालजी वर्मा, विधायक राममूर्ति वर्मा, ब्लॉक प्रमुख सुरजीत वर्मा, सपा जिला महासचिव मुजीब अहमद सोनू एवं नगर अध्यक्ष कसीम अशरफ सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
समाजसेवी विवेक मौर्य
टाण्डा नगर में देर रात्रि तक विशाल शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें भारी भीड़ उमड़ी। शोभायात्रा के दौरान डीजे का प्रतिस्पर्धात्मक माहौल भी साफ देखने को मिला। किसी अनहोनी की आशंका के मद्देनजर एहतियातन विद्युत आपूर्ति बंद रखी गई। जगह-जगह श्रद्धालुओं के लिए जलपान की व्यवस्था भी की गई, जिससे जनसहभागिता और उत्साह का माहौल और अधिक मजबूत हुआ।

सामाजिक संगठनों की ओर से भी जयंती को विशेष रूप से मनाया गया। नारायण फाउंडेशन के संरक्षक विवेक मौर्य के नेतृत्व में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों लोगों ने भाग लिया। इस अवसर पर जूट बैग और बाबा साहेब के प्रतीक चिह्न का वितरण कर सिंगल यूज प्लास्टिक मुक्त अभियान को भी बढ़ावा दिया गया। विवेक मौर्य ने दिनभर में 104 कार्यक्रमों में सहभागिता कर बाबा साहेब को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके आदर्शों पर चलने का संदेश दिया।
सपा नेता मुसाब अजीम
इस प्रकार पूरे जनपद में बाबा साहेब की जयंती सामाजिक समरसता, जागरूकता और जनभागीदारी के साथ मनाई गई, जहां हर वर्ग ने उनके विचारों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।


